पानी पिएं, धूप से बचें और प्यासों को पिलाएं पानी... भीषण गर्मी के बीच प्रधानमंत्री मोदी की देशवासियों से खास अपील
देशभर में लगातार बढ़ती गर्मी और लू ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। कई राज्यों में तापमान खतरनाक स्तर तक पहुंच चुका है और दोपहर के समय बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से भावुक अपील करते हुए सावधानी बरतने और एक-दूसरे का ख्याल रखने की बात कही है।
प्रधानमंत्री ने लोगों से कहा कि इस भीषण गर्मी में अपनी सेहत को प्राथमिकता दें और शरीर में पानी की कमी न होने दें। उन्होंने सलाह दी कि घर से बाहर निकलते समय हमेशा पानी की बोतल साथ रखें और तेज धूप में बेवजह बाहर जाने से बचें।
राहगीरों की मदद करने की अपील
पीएम मोदी ने समाज में संवेदनशीलता और सहयोग की भावना बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अगर संभव हो तो प्यासे लोगों को पानी जरूर पिलाएं।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने उन लोगों की सराहना की, जो गर्मी से राहत देने के लिए अपने घरों और दुकानों के बाहर मटकों में ठंडा पानी रखते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे छोटे-छोटे प्रयास समाज में मानवता और सेवा की भावना को मजबूत करते हैं।
बुजुर्गों का रखें विशेष ध्यान
प्रधानमंत्री ने खासतौर पर बुजुर्गों की चिंता जताई। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने माता-पिता, दादा-दादी और अन्य बुजुर्ग परिजनों का नियमित हालचाल लेते रहें।
उन्होंने कहा कि बुजुर्गों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दें, उन्हें दोपहर की तेज धूप में बाहर न निकलने दें और ज्यादा से ज्यादा आराम करने के लिए प्रेरित करें।
पशु-पक्षियों के लिए भी रखें पानी
इंसानों के साथ-साथ पीएम मोदी ने बेजुबान पशु-पक्षियों का भी जिक्र किया। उन्होंने लोगों से अपील की कि घर, बालकनी, छत, दुकान या ऑफिस के बाहर पानी से भरा एक छोटा बर्तन जरूर रखें, ताकि गर्मी में पक्षियों और जानवरों को पानी मिल सके।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस कठिन मौसम में हमें संवेदनशीलता, करुणा और सहयोग की भावना के साथ एक-दूसरे और आसपास के जीव-जंतुओं का भी ध्यान रखना चाहिए।
