Movie prime

पंजाब में ED की बड़ी कार्रवाई: मंत्री संजीव अरोड़ा गिरफ्तार, CM मान और केजरीवाल ने बीजेपी पर बोला हमला
 

 
 पंजाब में ED की बड़ी कार्रवाई: मंत्री संजीव अरोड़ा गिरफ्तार, CM मान और केजरीवाल ने बीजेपी पर बोला हमला
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

चंडीगढ़ I पंजाब सरकार के मंत्री Sanjeev Arora को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार सुबह से चंडीगढ़ स्थित उनके आवास पर ईडी की छापेमारी जारी रही। बताया जा रहा है कि सेक्टर-2 स्थित आवास पर करीब 20 गाड़ियों में ईडी की टीम पहुंची और कई घंटों तक जांच चली।

यह पिछले एक महीने में मंत्री संजीव अरोड़ा के खिलाफ ईडी की दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले ईडी ने उनके लुधियाना स्थित ठिकानों पर भी छापेमारी की थी।

CM भगवंत मान का बीजेपी पर हमला

ईडी की कार्रवाई पर पंजाब के मुख्यमंत्री Bhagwant Mann ने बीजेपी और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि एक साल में तीसरी बार और एक महीने में दूसरी बार ईडी संजीव अरोड़ा के घर पहुंची है, लेकिन अब तक कुछ नहीं मिला।

सीएम मान ने कहा कि पंजाब गुरुओं और शहीदों की धरती है, जिसे कभी झुकाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि भाजपा ईडी का इस्तेमाल राजनीतिक दबाव बनाने के लिए कर रही है, लेकिन पंजाब ऐसी राजनीति के आगे नहीं झुकेगा।

संगरूर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही भाजपा बम धमाकों, मानहानि के नोटिस और ईडी की रेड जैसे हथकंडों का इस्तेमाल करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार पंजाब के भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रही है।

दो दिन पहले मोहाली और चंडीगढ़ में भी हुई थी रेड

गौरतलब है कि दो दिन पहले ईडी ने मोहाली और चंडीगढ़ में करीब 12 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की थी। मोहाली के छज्जू माजरा स्थित वेस्टर्न टावर्स सोसाइटी में आईटी कारोबारी नितिन के फ्लैट पर भी रेड हुई थी। नितिन को मुख्यमंत्री के ओएसडी का करीबी बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

अरविंद केजरीवाल ने कहा- मोदी ने पंजाब को ललकारा

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक Arvind Kejriwal ने भी केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि बंगाल चुनाव खत्म होते ही पंजाब में लगातार ईडी की रेड शुरू कर दी गई है।

केजरीवाल ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ वर्षों में केंद्र सरकार ने पंजाब के साथ लगातार अन्याय किया है। उन्होंने कहा कि पंजाब के पानी, पंजाब यूनिवर्सिटी और ग्रामीण विकास फंड जैसे मुद्दों पर भी केंद्र ने दबाव बनाने की कोशिश की।

उन्होंने दावा किया कि कई मामलों में ईडी की कार्रवाई का मकसद भ्रष्टाचार की जांच नहीं बल्कि राजनीतिक दबाव बनाना और नेताओं को बीजेपी में शामिल करवाना होता है।

केजरीवाल ने कहा कि पंजाब गुरुओं की कुर्बानी की धरती है और राज्य किसी भी प्रकार के राजनीतिक दबाव या अत्याचार के आगे नहीं झुकेगा।