कोलकाता के DCP शांतनु बिस्वास पर ईडी का शिकंजा, देश छोड़ने की आशंका में लुकआउट नोटिस जारी
कोलकाता: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कोलकाता पुलिस के डिप्टी कमिश्नर (डीसीपी) शांतनु सिन्हा बिस्वास के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी कराया है। एजेंसी को आशंका है कि वह देश छोड़कर फरार होने की कोशिश कर सकते हैं। यह कार्रवाई कुख्यात अपराधी बिस्वजीत पोद्दार उर्फ सोना पप्पू से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की गई है।
कई बार बुलाने के बावजूद नहीं हुए पेश
ईडी अधिकारियों के मुताबिक, बिस्वजीत पोद्दार के कथित आपराधिक सिंडिकेट से जुड़े वित्तीय लेनदेन की जांच के सिलसिले में शांतनु बिस्वास को कई बार पूछताछ के लिए समन भेजा गया था। हालांकि, वह अब तक एजेंसी के सामने पेश नहीं हुए हैं।
सूत्रों के अनुसार, दक्षिण कोलकाता के बालीगंज निवासी सोना पप्पू पर जमीन कब्जाने, रंगदारी वसूली और आर्म्स एक्ट के तहत कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
छापेमारी के बाद से लापता
ईडी ने हाल ही में फर्न रोड स्थित शांतनु बिस्वास के आवास पर छापेमारी की थी। छापे के बाद से वह सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए हैं। इसके बाद एजेंसी ने उन्हें और उनके दो बेटों—सायंतन और मनीष—को सीजीओ कॉम्प्लेक्स स्थित ईडी कार्यालय में पेश होने के लिए समन भेजा, लेकिन तय तारीख पर कोई भी उपस्थित नहीं हुआ।
रेत तस्करी मामले में भी जांच
इससे पहले ईडी ने रेत तस्करी से जुड़े एक अन्य मामले में भी शांतनु बिस्वास को तलब किया था। उस दौरान भी वह स्वयं उपस्थित नहीं हुए और उनकी ओर से वकील ईडी कार्यालय पहुंचे थे।
गिरफ्तारी की आशंका बढ़ी
ईडी अधिकारियों का कहना है कि दोनों मामलों में शांतनु बिस्वास से पूछताछ बेहद जरूरी है। उनकी लगातार गैरहाजिरी और संभावित फरारी की आशंका को देखते हुए ही लुकआउट नोटिस जारी किया गया है, ताकि वह देश से बाहर न जा सकें।
