Movie prime

दाऊद के करीबी पर ED का बड़ा एक्शन, इकबाल मिर्ची के ₹700 करोड़ की संपत्ति अटैच

 
दाऊद के करीबी पर ED का बड़ा एक्शन, इकबाल मिर्ची के ₹700 करोड़ की संपत्ति अटैच
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

Mumbai : अंडरवर्ल्ड और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े एक बड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ा कदम उठाते हुए दाऊद इब्राहिम के करीबी रहे इकबाल मिर्ची की करीब 700 करोड़ रुपये की संपत्तियों को अटैच कर दिया है। एजेंसी के मुताबिक ये संपत्तियां भारत से लेकर दुबई तक फैली हुई हैं और इन्हें अवैध कमाई से खरीदा गया था।

मुंबई और दुबई में फैली संपत्तियां

ईडी की जांच में सामने आया है कि मुंबई के वर्ली स्थित डॉ. एनी बेसेंट रोड पर मौजूद राबिया मेंशन, मरियम लॉज और सी व्यू जैसे बड़े प्लॉट इस कार्रवाई के दायरे में आए हैं। इनका कुल क्षेत्रफल करीब 4970 वर्ग मीटर बताया गया है। इसके अलावा दुबई में होटल मिडवेस्ट अपार्टमेंट, कॉर्पोरेट बे और DEC टावर्स में मौजूद करीब 14 रियल एस्टेट यूनिट्स भी अटैच की गई हैं।

ट्रस्ट और परिवार के नाम पर छिपाई गई संपत्ति

ईडी का दावा है कि इन संपत्तियों को सीधे मिर्ची के नाम पर नहीं रखा गया था, बल्कि ट्रस्ट और परिजनों के नाम पर छिपाया गया था। जांच में मोहम्मद यूसुफ ट्रस्ट के साथ-साथ आसिफ, जुनैद और हाजरा इकबाल मेमन के नाम सामने आए हैं, जिन्हें एजेंसी ‘फ्रंट’ के तौर पर इस्तेमाल किया जाना बता रही है।

एजेंसी के अनुसार, यह पूरा नेटवर्क अवैध गतिविधियों से अर्जित धन को छिपाने, घुमाने और वैध दिखाने के लिए बनाया गया था। जांच में यह भी सामने आया है कि बड़ी मात्रा में पैसा विदेशों में ट्रांसफर किया गया, जिससे उसे ट्रैक करना और जब्त करना चुनौतीपूर्ण हो गया।

कानूनी कार्रवाई जारी

ईडी ने स्पष्ट किया है कि ये सभी संपत्तियां धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत ‘प्रोसीड्स ऑफ क्राइम’ की श्रेणी में आती हैं। साथ ही भगोड़ा आर्थिक अपराधी अधिनियम के तहत भी इन पर जब्ती की कार्रवाई की जा सकती है।

ईडी की इस कार्रवाई को मनी लॉन्ड्रिंग और अंडरवर्ल्ड नेटवर्क पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है। आने वाले समय में इस मामले में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।