Movie prime

अहमदाबाद में पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाका, 8 की मौत, कई मजदूर गंभीर रूप से झुलसे

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद जिले के रामोल इलाके में शनिवार दोपहर एक पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट से बड़ा हादसा हो गया। धमाके के बाद फैक्ट्री में आग लग गई, जिसने कुछ ही देर में पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 10 से अधिक मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं। सभी घायलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है।

यह हादसा रामोल-गताराड रोड पर टैलेंट स्कूल के सामने स्थित महमूदपुरा क्षेत्र की एक पटाखा फैक्ट्री में हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विस्फोट इतना तेज था कि उसकी आवाज करीब एक किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और फैक्ट्री से आग की ऊंची लपटें तथा धुएं का गुबार उठने लगा।

दमकल और बचाव दल ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। वहीं, 108 एम्बुलेंस की मदद से घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने के साथ-साथ आसपास के इलाके को भी सुरक्षित कराया।

फायर विभाग के अनुसार, राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। आशंका है कि फैक्ट्री के अंदर कुछ लोग फंसे हो सकते हैं, इसलिए पूरे परिसर की तलाशी ली जा रही है।

धमाके की वजह की जांच जारी

फिलहाल विस्फोट किस कारण हुआ, इसका आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस, फायर विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियां घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुटी हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह सामने आएगी।

मुख्यमंत्री ने किया मुआवजे का ऐलान

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। साथ ही प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि सभी घायलों को बेहतर इलाज और हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।