Movie prime

वीरता पुरस्कार विजेताओं के परिवारों को बड़ी सौगात: अब जीवनभर मिलेगी मुफ्त रेल यात्रा की सुविधा
 

 
वीरता पुरस्कार विजेताओं के परिवारों को बड़ी सौगात: अब जीवनभर मिलेगी मुफ्त रेल यात्रा की सुविधा
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

भारत सरकार ने वीरता पुरस्कार प्राप्त करने वाले सेना के जवानों और उनके परिवारों को बड़ी राहत देते हुए रेलवे सुविधाओं में अहम विस्तार किया है। सरकार द्वारा जारी नए आदेश के अनुसार अब सेना, नौसेना और वायुसेना के वीरता पदक (गैलेंट्री अवॉर्ड) पाने वाले जवानों के जीवनसाथी को जीवनभर मुफ्त रेल यात्रा की सुविधा दी जाएगी।

इस सुविधा का लाभ वीरता पुरस्कार विजेता के जीवनसाथी—चाहे वह पति या पत्नी हों—को मिलेगा। साथ ही, यदि किसी सैनिक की मृत्यु हो चुकी है तो उसकी विधवा या विधुर को पुनर्विवाह तक यह सुविधा जारी रहेगी। इसके अलावा मरणोपरांत सम्मानित अविवाहित सैनिकों के माता-पिता भी इस योजना के पात्र होंगे।

रेलवे की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, पात्र परिवारजन भारतीय रेलवे की ट्रेनों में फर्स्ट क्लास, एसी-2 टियर और एसी चेयर कार में एक सहयात्री के साथ मुफ्त यात्रा कर सकेंगे। यह सुविधा पूरी जिंदगी के लिए मान्य होगी।

इस योजना का दायरा अब पहले से कहीं अधिक व्यापक कर दिया गया है। पहले यह सुविधा केवल छह प्रमुख ‘चक्र’ पुरस्कार—परमवीर चक्र, महावीर चक्र, वीर चक्र, अशोक चक्र, कीर्ति चक्र और शौर्य चक्र—तक सीमित थी। लेकिन नए आदेश के तहत अब सेना, नौसेना और वायुसेना के अन्य वीरता पदकों को भी इसमें शामिल कर लिया गया है।

सरकार के इस फैसले को सैनिकों के सम्मान और उनके परिवारों के प्रति कृतज्ञता के रूप में देखा जा रहा है, जिससे देश की सेवा करने वाले जवानों के परिजनों को सीधा लाभ मिलेगा।