रात में बिरयानी और तरबूज खाकर सोया परिवार, सुबह पति-पत्नी और दो बेटियों की मौत
मुंबई के पायधुनी इलाके से सामने आई एक दर्दनाक घटना ने पूरे शहर को हिला कर रख दिया है। यहां एक ही परिवार के चार लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुरुआती जांच में फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
मृतकों की पहचान अब्दुल्ला डोकडिया (40), उनकी पत्नी नसरीन (35) और दो बेटियों आयशा (16) व ज़ैनब (13) के रूप में हुई है।
रात में साथ खाया खाना, सुबह बिगड़ी तबीयत
जानकारी के मुताबिक 25 अप्रैल की रात परिवार ने अपने रिश्तेदारों के साथ मिलकर खाना खाया था। बताया जा रहा है कि रात करीब 10:30 बजे सभी ने बिरयानी खाई और इसके बाद रिश्तेदार अपने घर लौट गए।
रात करीब 1 बजे परिवार के चारों सदस्यों ने तरबूज खाया। इसके कुछ घंटों बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। उन्हें तेज उल्टियां, दस्त और बेचैनी की शिकायत हुई।
अस्पताल पहुंचने से पहले बिगड़ गई हालत
परिजनों ने पहले स्थानीय डॉक्टर को दिखाया, लेकिन हालत गंभीर होने पर सभी को जे जे अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों ने इलाज की कोशिश की, लेकिन परिवार के चारों सदस्यों की मौत हो गई।
फूड पॉइजनिंग की जांच में जुटी पुलिस
मौत से पहले परिवार के एक सदस्य ने पुलिस को बताया था कि उन्होंने बिरयानी खाने के बाद तरबूज खाया था। इसी आधार पर फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम और हिस्टोपैथोलॉजी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो सकेगी। इस घटना के बाद इलाके में दहशत और शोक का माहौल है। स्थानीय लोग भी अचानक हुई इन मौतों से स्तब्ध हैं।
