टोल यात्रियों को झटका! FASTag सालाना पास की कीमत बढ़ी, 1 अप्रैल से लागू होगा नया रेट
FASTag Annual Pass की कीमत बढ़ा दी गई है। 1 अप्रैल 2026 से यह पास 3000 रुपये की बजाय 3075 रुपये में मिलेगा। निजी वाहन मालिक एक साल या 200 टोल पार करने तक इसका उपयोग कर सकते हैं। वाहन मालिक ‘राजमार्गयात्रा’ ऐप के जरिए इसे खरीद सकते हैं।
FASTag Annual Pass Price: देशभर में टोल रोड से गुजरने वाले वाहन चालकों के लिए अहम खबर है। केंद्र सरकार ने FASTag Annual Pass की कीमत बढ़ाने का फैसला किया है। अब यह पास 3000 रुपये की बजाय 3075 रुपये में मिलेगा। नई कीमत 1 अप्रैल 2026 से लागू होगी।
ऐसे में जो लोग 75 रुपये अतिरिक्त भुगतान से बचना चाहते हैं, वे 1 अप्रैल से पहले मौजूदा कीमत पर सालाना पास खरीद सकते हैं।
पिछले साल शुरू हुई थी योजना
सरकार ने महंगे टोल से राहत देने के उद्देश्य से 15 अगस्त 2025 को FASTag का सालाना पास शुरू किया था। इस योजना के जरिए वाहन मालिकों को कम कीमत पर टोल प्लाजा से गुजरने की सुविधा दी गई थी। अब नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने इसकी कीमत में मामूली बढ़ोतरी का फैसला किया है।
किन वाहनों के लिए है यह सुविधा
FASTag का सालाना पास केवल निजी वाहनों के लिए उपलब्ध है। जिन लोगों के पास कार, जीप या वैन है और जिनका वाहन व्यावसायिक उपयोग में नहीं आता, वे इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। साथ ही वाहन पर FASTag सक्रिय होना जरूरी है।
कितने समय तक वैध रहेगा पास
FASTag Annual Pass एक साल तक या 200 बार टोल प्लाजा पार करने तक वैध रहता है। यानी इस अवधि के भीतर किसी भी नेशनल हाईवे के टोल प्लाजा से 200 बार गुजरने की सुविधा मिलती है, चाहे उस टोल का शुल्क कितना भी क्यों न हो।
ऐप से खरीदा जा सकता है पास
वाहन मालिक ‘राजमार्गयात्रा’ मोबाइल ऐप के जरिए FASTag का सालाना पास खरीद सकते हैं। यह प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल है और इसे कुछ ही मिनटों में सक्रिय किया जा सकता है।
नियमों के तहत हर साल बदलती है कीमत
रिपोर्ट के अनुसार, FASTag Annual Pass की कीमत में यह बदलाव राष्ट्रीय राजमार्ग शुल्क (निर्धारण और संग्रह) संशोधन नियम, 2025 के तहत किया गया है। इन नियमों के अनुसार सालाना पास की फीस में हर साल संशोधन किया जाना अनिवार्य है।
