Movie prime

सासाराम स्टेशन पर ट्रेन में लगी भीषण आग, एक बोगी जलकर राख, यात्रियों ने भागकर बचाई जान

बिहार के सासाराम रेलवे स्टेशन पर पटना जाने वाली पैसेंजर ट्रेन में सोमवार सुबह भीषण आग लग गई। हादसे में एक बोगी पूरी तरह जलकर खाक हो गई। रेलवे प्रशासन ने आग पर काबू पा लिया है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।

 
सासाराम स्टेशन
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

Bihar News: बिहार के सासाराम रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह बड़ा रेल हादसा टल गया, जब पटना जाने वाली एक पैसेंजर ट्रेन में अचानक आग लग गई। आग लगते ही प्लेटफॉर्म और ट्रेन में बैठे यात्रियों के बीच अफरातफरी मच गई। देखते ही देखते ट्रेन की एक बोगी आग की चपेट में आ गई और पूरी तरह जलकर खाक हो गई।

सुबह 6 बजे मचा हड़कंप

घटना पंडित दीनदयाल उपाध्याय-गया रेलखंड के सासाराम रेलवे स्टेशन की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार सासाराम से आरा होते हुए पटना जाने वाली पैसेंजर ट्रेन सोमवार सुबह करीब 6 बजे स्टेशन पर खड़ी थी। इसी दौरान अचानक एक बोगी से धुआं उठने लगा और कुछ ही देर में उसमें भीषण आग लग गई।

आग की लपटें देखते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कई लोग जान बचाने के लिए ट्रेन और प्लेटफॉर्म से इधर-उधर भागने लगे। मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया।

एक बोगी पूरी तरह जलकर राख

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक आग इतनी तेजी से फैली कि ट्रेन की एक बोगी पूरी तरह जल गई। बाद में उसे ट्रेन से अलग कर दिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।

आरपीएफ निरीक्षक संजीव कुमार ने बताया कि कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है। फिलहाल रेल प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है।

यात्रियों ने रेलवे पर लगाए गंभीर आरोप

घटना के बाद स्थानीय लोगों और यात्रियों में भारी नाराजगी देखने को मिली। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि रेलवे की लापरवाही के कारण नुकसान ज्यादा बढ़ गया।

लोगों का कहना है कि अगर समय रहते पानी और अग्निशमन यंत्र उपलब्ध होते तो आग को शुरुआती चरण में ही बुझाया जा सकता था। आरोप है कि स्टेशन पर बिछाई गई पाइपलाइन में पानी नहीं था और फायर सिलेंडरों में गैस भी खत्म थी।

‘व्यवस्था दुरुस्त होती तो बच सकती थी बोगी’

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग लगने के बाद शुरुआती कुछ मिनट बेहद महत्वपूर्ण थे, लेकिन रेलवे कर्मियों के पास पर्याप्त संसाधन नहीं थे। इसी कारण आग तेजी से फैलती चली गई और पूरी बोगी को अपनी चपेट में ले लिया।

यात्रियों का कहना है कि रेलवे को सुरक्षा व्यवस्था और अग्निशमन उपकरणों की नियमित जांच करनी चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

जांच में जुटा रेल प्रशासन

रेलवे प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है। तकनीकी टीम आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। वहीं स्टेशन और ट्रेन की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी रिपोर्ट तैयार की जा रही है।