पहले पीछा किया, फिर बाइक में मारी टक्कर! गुरुग्राम की सड़क पर महिला के साथ खौफनाक हादसा
गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम में रविवार सुबह रोड रेज का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। Golf Course Road पर एक महिला बाइक सवार को कथित तौर पर कार चालक ने पीछा करने के बाद टक्कर मार दी। हादसे में महिला सड़क पर कई फीट तक घिसटती चली गईं और उन्हें चोटें आईं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद गुरुग्राम पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है।
पीड़िता की पहचान सिया के रूप में हुई है। उन्होंने खुद घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है। सिया के मुताबिक, वह अपने दोस्तों के साथ अलग-अलग स्पोर्ट्स बाइक पर जा रही थीं। इसी दौरान एक सफेद रंग की सेडान कार उनके काफी करीब आ गई। आरोप है कि कार चालक ने हाथ के इशारे से उन्हें रुकने के लिए कहा। सिया ने चालक से दूरी बनाकर गाड़ी चलाने को कहा, लेकिन इसके बाद कार चालक ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया।
कार ने मारी टक्कर, सड़क पर घिसटती चली गईं
सिया ने वीडियो में आरोप लगाया कि कार में सवार लोग नशे में थे। उन्होंने बताया कि वह कार से दूरी बनाए रखने की पूरी कोशिश कर रही थीं। उनके एक दोस्त ने भी बाइक से कार को रोकने या उन्हें बचाने का प्रयास किया, ताकि कार उनके करीब न पहुंच सके।
आरोप है कि इसके बाद कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक का संतुलन बिगड़ गया और सिया सड़क पर गिर गईं। वह कई फीट तक सड़क पर घिसटती चली गईं, जबकि उनकी बाइक दूसरी दिशा में फिसल गई।
घटना के दौरान सिया और उनके दोस्तों की बाइक पर लगे कैमरों में पूरा घटनाक्रम रिकॉर्ड हुआ। वीडियो में महिला के सड़क पर गिरने और घिसटने के बाद बाइक के दूसरी दिशा में फिसलने का दृश्य दिखाई देता है। सिया के एक दोस्त ने ट्रैफिक सिग्नल पर कार को रोकने की कोशिश भी की, लेकिन आरोप है कि चालक वहां से फरार हो गया।
सिया ने सोशल मीडिया पोस्ट में कार का रजिस्ट्रेशन नंबर भी साझा किया है। उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद उन्हें गुरुग्राम की सड़कों पर असुरक्षित महसूस हुआ।
पुलिस वीडियो से कर रही घटनास्थल की पुष्टि
गुरुग्राम पुलिस के जनसंपर्क अधिकारी संदीप तुरान ने बताया कि पुलिस को घटना की जानकारी मिली है और मामले की जांच की जा रही है। हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस वीडियो की मदद से Golf Course Road पर हादसा किस जगह हुआ, इसकी पुष्टि कर रही है, ताकि संबंधित थाने की पहचान कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा सके।
पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद पीड़िता की ओर से पुलिस कंट्रोल रूम को कोई सूचना नहीं दी गई है और न ही कोई लिखित शिकायत मिली है। पुलिस अब पीड़िता से संपर्क कर शिकायत लेने का प्रयास कर रही है। शिकायत मिलने के बाद तथ्यों के आधार पर FIR दर्ज करने और आरोपी कार चालक के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।
