Movie prime

फ्रांस और अमेरिका के दौरे पर जाएंगे पीएम मोदी, एआई समिट में लेंगे हिस्सा

 
फ्रांस और अमेरिका के दौरे पर जाएंगे पीएम मोदी, एआई समिट में लेंगे हिस्सा
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

नई दिल्ली I प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के निमंत्रण पर 10 से 12 फरवरी तक फ्रांस का दौरा करेंगे। इस दौरान वह एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) शिखर सम्मेलन की सह-अध्यक्षता करेंगे, जिसमें अमेरिकी उपराष्ट्रपति और चीन के उप प्रधानमंत्री समेत कई देशों के नेता शामिल होंगे। पीएम मोदी 10 फरवरी की शाम पेरिस पहुंचेंगे, जहां वह फ्रांस के राष्ट्रपति द्वारा आयोजित डिनर में शामिल होंगे। इसके बाद वह अमेरिका के दौरे पर भी जाएंगे।

ट्रंप के शपथ ग्रहण के बाद पीएम मोदी का पहला अमेरिका दौरा
भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12-13 फरवरी को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निमंत्रण पर अमेरिका के आधिकारिक दौरे पर जाएंगे। यह दौरा ट्रंप के दूसरी बार राष्ट्रपति पद की शपथ लेने के बाद हो रहा है। नए प्रशासन के कार्यभार संभालने के तीन हफ्ते के भीतर पीएम मोदी को आमंत्रित किया गया था, जो भारत-अमेरिका के मजबूत संबंधों को दर्शाता है।

प्रधानमंत्री मोदी ने ट्रंप के पहले कार्यकाल के दौरान 2017 और 2019 में अमेरिका की यात्रा की थी। विदेश मंत्री एस. जयशंकर हाल ही में ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री के विशेष दूत के रूप में शामिल हुए थे। साथ ही, अमेरिका के नए विदेश मंत्री की पहली द्विपक्षीय बैठक भारत के विदेश मंत्री के साथ हुई थी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी अमेरिका के रक्षा सचिव पीट हेगेथ से फोन पर चर्चा की थी।

फ्रांस में एआई समिट में शामिल होंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी 11 फरवरी को एआई एक्शन समिट में भाग लेंगे, जहां वह और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों इंडिया-फ्रांस सीईओ फोरम को संबोधित करेंगे। यह एआई एक्शन समिट अपने तरह का तीसरा उच्चस्तरीय आयोजन है, इससे पहले यूके और दक्षिण कोरिया में इस तरह की बैठकें हो चुकी हैं।

भारत के विदेश सचिव ने कहा कि भारत सुरक्षित और विश्वसनीय एआई एप्लिकेशन को बढ़ावा देने के पक्ष में है। इसके अलावा, पीएम मोदी 12 फरवरी को फ्रांस के मार्सिले में भारत के नए वाणिज्य दूतावास का उद्घाटन करेंगे, जहां फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों भी उनके साथ मौजूद रहेंगे।