G20 से चंद्रयान तक… नीदरलैंड्स में पीएम मोदी ने गिनाईं नए भारत की उपलब्धियां
Hague/New Delhi : पीएम मोदी ने अपने नीदरलैंड्स दौरे के दौरान भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए नए भारत का विजन दुनिया के सामने रखा। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत अब केवल तेजी से विकास करने वाला देश नहीं, बल्कि वैश्विक अर्थव्यवस्था, तकनीक और नवाचार को दिशा देने वाला “ग्लोबल ग्रोथ इंजन” बन रहा है।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में स्टार्टअप, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल इंडिया, अंतरिक्ष मिशन और भारत की सांस्कृतिक ताकत का जिक्र करते हुए कहा कि नया भारत अब बड़े लक्ष्य तय कर उन्हें हासिल करने की क्षमता रखता है।
‘भारत में तेजी से हो रहा बदलाव’
पीएम मोदी ने कहा कि आधुनिक भारत कई क्षेत्रों में ऐतिहासिक परिवर्तन देख रहा है। उन्होंने बताया कि भारत ने सफलतापूर्वक G20 शिखर सम्मेलन आयोजित किया और दुनिया के सबसे बड़े AI समिट की मेजबानी भी की।
उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक बार की उपलब्धि नहीं, बल्कि आज के भारत की नई पहचान बन चुकी है।
स्टार्टअप और डिजिटल इंडिया पर जोर
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है। उन्होंने देश में चल रहे डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा यूनिक आईडी प्रोग्राम और सबसे बड़ा वित्तीय समावेशन अभियान चला रहा है।
उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया अभियान ने देश की अर्थव्यवस्था और आम लोगों के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है। साथ ही भारत दुनिया की सबसे बड़ी सरकारी स्वास्थ्य बीमा योजना भी संचालित कर रहा है।
अंतरिक्ष में भारत की बढ़ती ताकत
पीएम मोदी ने भारत की अंतरिक्ष उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि देश चांद के उस हिस्से तक पहुंचा है, जहां पहले कोई नहीं पहुंच पाया था। उन्होंने कहा कि यह भारत के बढ़ते आत्मविश्वास, वैज्ञानिक क्षमता और नई महत्वाकांक्षा का प्रतीक है।
2014 की जीत को किया याद
प्रधानमंत्री ने 16 मई 2014 के लोकसभा चुनाव परिणामों को याद करते हुए कहा कि कई दशकों बाद देश को पूर्ण बहुमत वाली स्थिर सरकार मिली थी। उन्होंने कहा, “करोड़ों भारतीयों का विश्वास मुझे रुकने या थकने नहीं देता।”
प्रवासी भारतीयों की सराहना
हेग में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने प्रवासी भारतीयों की भूमिका की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि विदेशों में रहने के बावजूद भारतीयों ने अपनी संस्कृति, त्योहारों और पारिवारिक मूल्यों को हमेशा जीवित रखा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि समय के साथ पीढ़ियां और परिस्थितियां बदली हैं, लेकिन भारतीय परिवारों के संस्कार और अपनापन कभी नहीं बदला।
‘भारत की विविधता सबसे बड़ी ताकत’
अपने संबोधन के अंत में पीएम मोदी ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक विविधता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि दुनिया की कई सभ्यताएं समय के साथ समाप्त हो गईं, लेकिन भारतीय संस्कृति आज भी लोगों के दिलों में जीवित है।
