सलमान के घर फायरिंग से लेकर मूसेवाला मर्डर तक- अनमोल बिश्नोई से NIA करेगी हाई-प्रोफाइल मामलों की पूछताछ, खुल सकते हैं कई राज़
New Delhi : दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई को 11 दिनों की एनआईए रिमांड पर भेज दिया है। अमेरिका से डिपोर्ट होने के बाद एनआईए ने अनमोल को एयरपोर्ट से ही हिरासत में लिया और कोर्ट में पेश किया। एजेंसी ने 15 दिन की कस्टडी की मांग की थी, लेकिन कोर्ट ने 11 दिन की रिमांड मंजूर की। अब अनमोल से एनआईए मुख्यालय में पूछताछ की जाएगी।
एनआईए का दावा: गंभीर अपराधों में शामिल
सूत्रों के मुताबिक, एनआईए ने कोर्ट को बताया कि अनमोल बिश्नोई के खिलाफ 15 से अधिक हत्या के मामले और 20 से ज्यादा अपहरण, धमकी और हिंसा के घटनाओं में सीधे संबंध होने के प्रमाण हैं। इसके अलावा, उसके पास दो फर्जी पासपोर्ट होने के मामले भी दर्ज हैं। हिरासत में पूछताछ से उसके साथी, गुर्गे और आका की पहचान की जाएगी।
अनमोल का नाम कई हाई-प्रोफाइल मामलों से जुड़ा है:
- एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या
- अप्रैल 2024 में सलमान खान के घर पर गोलीबारी
- पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या
- एनआईए का दावा है कि इन मामलों में पूछताछ से कई राज खुल सकते हैं।
अमेरिका में गिरफ्तारी और प्रत्यर्पण
अनमोल को नवंबर 2024 में कैलिफोर्निया के सैक्रामेंटो में अवैध प्रवेश के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। एफबीआई ने डीएनए और वॉयस सैंपल से उसकी पहचान की। लंबे समय तक चली डिपोर्टेशन प्रक्रिया के बाद उसे 18 नवंबर 2025 को भारत लाया गया।
पंजाब के फाजिल्का जिले का रहने वाला अनमोल अप्रैल 2022 में नेपाल, दुबई और केन्या के रास्ते फर्जी पासपोर्ट पर अमेरिका भागा था। वह अपने भाई लॉरेंस बिश्नोई के नेतृत्व वाले आतंकी-सिंडिकेट में शामिल था।
एनआईए की रिमांड में पूछताछ के बाद कई हाई-प्रोफाइल मामलों का खुलासा होने की संभावना है, जिसमें अन्य आरोपियों की पहचान भी शामिल हो सकती है।
