LPG संकट से लेकर SI पेपर विवाद तक… अखिलेश यादव का सरकार को तंज- बुलडोजर रहेगा, ड्राइवर बदल जाएगा
Mumbai : अखिलेश यादव ने कई राजनीतिक मुद्दों पर अपनी राय रखते हुए कहा कि आने वाले चुनावों में बदलाव देखने को मिलेगा। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कहा कि बुलडोजर पर दिमाग नहीं होता, बस उसका ड्राइवर बदल जाएगा। बदलाव आप यही देखेंगे, हम मुख्यमंत्री बन जाएंगे।
मायावती पर नरम रुख
मायावती को लेकर पूछे गए सवाल पर अखिलेश यादव ने नरम रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि वे सभी दलितों और पिछड़ों का सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि किसी बात को लेकर नाराजगी हो सकती है, लेकिन सम्मान हमेशा बना रहता है। उन्होंने पिछली बार गठबंधन टूटने के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराया।
अखिलेश यादव ने कहा कि आने वाले पांच राज्यों के चुनाव में उनकी पार्टी INDIA Alliance को समर्थन देगी। उन्होंने बताया कि असम में एक सीट मांगी गई है, यदि वह नहीं मिलती है तो भी पार्टी गठबंधन का समर्थन करेगी।
LPG संकट और SIR पर सरकार पर निशाना
एलपीजी सिलेंडर की किल्लत को लेकर उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में गैस सिलेंडर की ऑनलाइन बुकिंग करने पर कई बार एरर दिखाई देता है। SIR के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि बीजेपी एसआईआर नहीं बल्कि एनआरसी लेकर आई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उपचुनाव के दौरान चुनाव में गड़बड़ी हुई और भारत का चुनाव आयोग ने उस पर ध्यान नहीं दिया।
यूपी पुलिस एसआई परीक्षा में सवालों को लेकर उठे विवाद पर अखिलेश यादव ने कहा कि पेपर तैयार करने की प्रक्रिया पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक होना इस सरकार की पुरानी समस्या रही है।
एमओयू और निवेश पर सरकार पर हमला
अखिलेश यादव ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आखिरी समय में एमओयू कर रहे हैं और यह तरीका महाराष्ट्र से सीखा गया है। उन्होंने कहा कि जमीन पर इन समझौतों का कितना असर है, यह देखने वाली बात है।
इस दौरान अखिलेश यादव ने राज ठाकरे के साथ अपने संबंधों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उनके साथ उनके अच्छे रिश्ते हैं और समाज को बांटकर राजनीति नहीं की जानी चाहिए।
अपने कार्यकाल के काम भी गिनाए
मुंबई में आयोजित समाजवादी पार्टी के कार्यक्रम में अखिलेश यादव ने अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान किए गए कामों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार में ग्रीन बेल्ट बनाने, बड़े पैमाने पर पेड़ लगाने, छात्रों को लैपटॉप वितरण और फिल्म नीति जैसे फैसले लिए गए, जिससे राज्य में विकास और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा मिला। उन्होंने कहा कि उस समय बनाई गई कई नीतियों को आज भी राज्य सरकार आगे बढ़ा रही है।
