वसुंधरा राजे से स्मृति ईरानी तक... BJP की नई टीम में महिलाओं का दबदबा, 12 महिला नेताओं को मिली बड़ी जिम्मेदारी
भारतीय जनता पार्टी ने अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया है। 65 सदस्यों वाली इस टीम में महिलाओं को पहले के मुकाबले ज्यादा प्रतिनिधित्व दिया गया है। नई टीम में कुल 12 महिला नेताओं को अलग-अलग महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इनमें छह राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, एक राष्ट्रीय महामंत्री, चार राष्ट्रीय सचिव और एक महिला मोर्चा अध्यक्ष शामिल हैं।
वसुंधरा राजे समेत 6 महिलाएं बनीं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष
बीजेपी ने कुल 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किए हैं, जिनमें छह महिलाएं शामिल हैं। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया, आंध्र प्रदेश की डी. पुरंदेश्वरी, उत्तर प्रदेश की रेखा वर्मा, गुजरात की वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोषी, महाराष्ट्र की डॉ. भारती प्रवीण पवार और पश्चिम बंगाल की डॉ. मधुचंद्र कर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी
पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को बीजेपी की नई टीम में अहम जिम्मेदारी मिली है। उन्हें पार्टी के आठ राष्ट्रीय महामंत्रियों में शामिल किया गया है। उनके अलावा विनोद तावड़े, सुनील बंसल, बिप्लब कुमार देब, सतीश पूनिया, गजेंद्र पटेल, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया को भी राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है।
4 महिलाओं को राष्ट्रीय सचिव बनाया
राष्ट्रीय सचिवों की सूची में भी बीजेपी ने महिलाओं को प्रतिनिधित्व दिया है। पार्टी ने कुल 16 राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किए हैं, जिनमें चार महिलाएं हैं। इनमें मध्य प्रदेश की कविता पाटीदार, नागालैंड की फांगनोन कोन्याक, उत्तर प्रदेश की संगीता यादव और दिल्ली की डॉ. स्वदेश सिंह शामिल हैं।
रूप कुमारी चौधरी को महिला मोर्चा की कमान
छत्तीसगढ़ की रूप कुमारी चौधरी को बीजेपी महिला मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा पार्टी ने युवा मोर्चा, किसान मोर्चा, ओबीसी मोर्चा, एससी मोर्चा, एसटी मोर्चा और अल्पसंख्यक
मोर्चा के लिए भी नए अध्यक्षों की नियुक्ति की है।
सोशल मीडिया टीम में भी महिला को जिम्मेदारी
बीजेपी की सोशल मीडिया टीम में भी महिला प्रतिनिधित्व बढ़ाया गया है। महाराष्ट्र की प्रीति गांधी को सोशल मीडिया सह-संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पिछली टीम के मुकाबले बढ़ा महिला प्रतिनिधित्व
बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम में महिलाओं की संख्या पिछली टीम की तुलना में बढ़ी है। रिपोर्ट के मुताबिक, पिछली राष्ट्रीय टीम में पांच महिला पदाधिकारी थीं, जबकि नितिन नबीन की नई टीम में यह संख्या बढ़कर 12 हो गई है। यानी पार्टी की राष्ट्रीय टीम में महिला प्रतिनिधित्व में सात पदों की बढ़ोतरी हुई है।
