Movie prime

लालबागचा राजा के दर्शन करने पहुंचे US Ambassador सर्जियो गोर, बोले- यहां की ऊर्जा अद्भुत है

गणेश चतुर्थी के मौके पर अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने मुंबई के प्रसिद्ध लालबागचा राजा के दर्शन किए और भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की। उन्होंने उत्सव के माहौल और ऊर्जा की तारीफ की। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के आवास पहुंचकर गणपति पूजा की और देशवासियों को शुभकामनाएं दीं।

 
लालबागचा राजा
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

Ganesh Chaturthi 2026: देशभर में सोमवार को गणेश चतुर्थी के साथ गणेशोत्सव की शुरुआत हो गई। मुंबई में भी गणपति बप्पा के स्वागत को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। शहर की गलियां ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों और ढोल-नगाड़ों से गूंजती रहीं। इसी बीच भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर मुंबई के प्रसिद्ध लालबागचा राजा के दर्शन करने पहुंचे और भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की। उन्होंने इस अनुभव को बेहद खास बताते हुए लालबाग के उत्सव के माहौल और ऊर्जा की जमकर तारीफ की।

सर्जियो गोर ने लालबागचा राजा के छुए चरण

गणेश चतुर्थी के मौके पर लालबागचा राजा के दर्शन करने पहुंचे सर्जियो गोर ने भगवान गणेश की पूजा की और उनके चरण भी छुए। दर्शन के बाद उन्होंने यहां के माहौल को लेकर अपना अनुभव साझा किया।

सर्जियो गोर ने कहा कि यहां आना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि लालबागचा राजा के दरबार में जो ऊर्जा और जीवंतता दिखाई देती है, उसे शब्दों में बयां करना आसान नहीं है। उन्होंने लोगों से भी इस उत्सव का हिस्सा बनने और यहां आने की अपील की।

‘मुंबईचा राजा और लालबागचा राजा के दर्शन कर खुशी हुई’

सर्जियो गोर ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर भी लालबागचा राजा के दर्शन की तस्वीरें और अनुभव साझा किया। उन्होंने कहा कि मुंबईचा राजा और लालबागचा राजा के दर्शन के बाद उन्हें काफी खुशी हुई।

उन्होंने गणेशोत्सव को आस्था और समुदाय की एक ऐसी जीवंत अभिव्यक्ति बताया, जो अलग-अलग लोगों को एक साथ जोड़ती है। अमेरिकी राजदूत ने गणेश चतुर्थी मनाने वाले सभी लोगों को शुभकामनाएं भी दीं।

लालबागचा राजा मुंबई के सबसे प्रसिद्ध गणेश पंडालों में शामिल है। इस साल यहां गणेशोत्सव 14 सितंबर से 25 सितंबर तक मनाया जा रहा है।

मुंबई में गणेशोत्सव का खास उत्साह

गणेश चतुर्थी के साथ ही मुंबई में सार्वजनिक गणेश मंडलों और घरों में बप्पा की स्थापना का सिलसिला शुरू हो गया। लालबागचा राजा के दर्शन के लिए पहले दिन से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।

लालबाग के अलावा मुंबई के दूसरे इलाकों में भी गणेश मंडलों ने भव्य सजावट की है। ढोल-ताशे, आरती और ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों के बीच पूरे शहर में उत्सव का माहौल है।

अंबानी परिवार के घर भी गणपति पूजा

मुंबई में गणेश चतुर्थी के मौके पर उद्योगपति मुकेश अंबानी के परिवार की ओर से भी गणपति पूजा का आयोजन किया गया। अंबानी परिवार के आवास पर हुए समारोह में बॉलीवुड की कई हस्तियां पहुंचीं।

सलमान खान, कैटरीना कैफ, विक्की कौशल समेत कई फिल्मी सितारों ने समारोह में हिस्सा लिया। गणेशोत्सव के पहले दिन मुंबई में धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ फिल्म और उद्योग जगत की चर्चित हस्तियों की मौजूदगी भी आकर्षण का केंद्र रही।

पीएम मोदी ने पीयूष गोयल के घर की गणपति पूजा

गणेश चतुर्थी के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के आवास पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान गणेश के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की।

पीएम मोदी ने इस मौके पर कामना की कि भगवान श्री गणेश सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें। पीयूष गोयल ने भी प्रधानमंत्री के अपने आवास पर गणपति पूजन में शामिल होने को परिवार के लिए सौभाग्य बताया।

उन्होंने कहा कि विघ्नहर्ता भगवान गणेश सभी के जीवन से कष्ट दूर करें और अपना आशीर्वाद बनाए रखें। साथ ही उन्होंने देश के विकास की गति और तेज होने की कामना की।

देशभर में शुरू हुआ गणेशोत्सव

गणेश चतुर्थी के साथ देशभर में गणेशोत्सव की शुरुआत हो गई है। महाराष्ट्र में यह उत्सव खास तौर पर बड़े स्तर पर मनाया जाता है। इस साल गणेशोत्सव का समापन 25 सितंबर को अनंत चतुर्दशी के दिन गणपति विसर्जन के साथ होगा।

मुंबई में लालबागचा राजा के दर्शन से लेकर घरों और सार्वजनिक पंडालों में होने वाली पूजा तक, पहले ही दिन शहर में गणपति उत्सव की रौनक दिखाई दी। अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर का लालबागचा राजा के दरबार में पहुंचना भी इसी उत्सवी माहौल का खास हिस्सा रहा।