होली से पहले केंद्रीय कर्मचारियों को तोहफा! DA बढ़कर 60% होने के संकेत
New Delhi : केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनधारियों के लिए होली से पहले अच्छी खबर आ सकती है। श्रम एवं रोजगार मंत्रालय ने दिसंबर 2025 का AICPI-IW (ऑल इंडिया कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स - इंडस्ट्रियल वर्कर्स) जारी कर दिया है। इसी इंडेक्स के आधार पर महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) का कैलकुलेशन होता है।
दिसंबर 2025 में AICPI-IW 148.2 रहा, जिसके 12 महीनों का औसत 145.54 निकला है। इसके आधार पर DA की गणना करने पर यह लगभग 60.33% आता है। वर्तमान में DA 58% है, इसलिए 2% की बढ़ोतरी की संभावना मजबूत है। सरकार आमतौर पर राउंड फिगर में DA का ऐलान करती है, इसलिए DA 60% पर सेटल होने की पूरी उम्मीद है।
कितनी बढ़ेगी सैलरी? (उदाहरण)
- बेसिक सैलरी 20,000 रुपये: 2% बढ़ोतरी से 400 रुपये प्रति माह अतिरिक्त
- बेसिक सैलरी 30,000 रुपये: 600 रुपये प्रति माह अतिरिक्त
- बेसिक सैलरी 1 लाख रुपये: 2,000 रुपये प्रति माह अतिरिक्त
यह बढ़ोतरी पेंशनर्स के लिए महंगाई राहत (DR) पर भी लागू होगी।
कब आएगा ऐलान?
केंद्र सरकार जनवरी 2026 के DA की घोषणा आमतौर पर मार्च में करती है। लेकिन इस बार होली 4 मार्च को है, इसलिए फरवरी के आखिर या मार्च की शुरुआत में ऐलान होने की संभावना है। पिछले बार जून 2025 के AICPI-IW डेटा के आधार पर अक्टूबर 2025 में 3% DA बढ़ाया गया था (55% से 58%)।
7वें वेतन आयोग का कार्यकाल खत्म, 8वें का इंतजार
7वें वेतन आयोग का कार्यकाल 31 दिसंबर 2025 को खत्म हो चुका है। लेकिन 8वें वेतन आयोग की सिफारिशें आने और लागू होने तक DA की गणना 7वें वेतन आयोग के बेसिक पे पर ही होगी।
AICPI-IW क्या है?
यह इंडेक्स औद्योगिक श्रमिकों के लिए उपभोक्ता मूल्य सूचकांक है। श्रम मंत्रालय हर महीने इसे जारी करता है। केंद्र सरकार पिछले 12 महीनों के औसत के आधार पर DA तय करती है।
