गूगल मैप ने भटकाया रास्ता, कार नाले में गिरी; दो लोग बाल-बाल बचे
उन्नाव I उन्नाव जिले में गूगल मैप के सहारे यात्रा कर रहे दो लोगों की कार गलत रास्ते पर जाकर नाले में गिर गई। गनीमत रही कि दोनों लोगों को कोई चोट नहीं आई। बाद में हाइड्रा की मदद से कार को नाले से बाहर निकाला गया।
जानकारी के अनुसार कानपुर के नौबस्ता निवासी सुनील कुमार और संदीप शुक्रवार रात करीब 10 बजे कार से बारासगवर क्षेत्र के भगवंतखेड़ा गांव में रहने वाले सूर्यपाल यादव के यहां शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। उन्होंने गूगल मैप पर भगवंतखेड़ा की लोकेशन डाली थी। मैप के अनुसार यह स्थान लालकुआं से करीब एक किलोमीटर दूर बताया गया।
कार चला रहे संदीप ने आनंदी देवी मंदिर से रुझई मार्ग की ओर गाड़ी मोड़ दी। कुछ दूर आगे बढ़ने पर कच्चा रास्ता मिला और फिर पैदल मार्ग जैसा रास्ता दिखाई देने लगा। कार को वापस मोड़ने की कोशिश के दौरान अचानक संतुलन बिगड़ गया और कार आधे से अधिक नाले में जा गिरी।
घटना के बाद दोनों लोग किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आए। इसके बाद वे अन्य साधन से शादी समारोह में पहुंचे। अगले दिन सुबह हाइड्रा की मदद से कार को नाले से बाहर निकलवाया गया।
संदीप ने बताया कि शॉर्टकट के चलते गूगल मैप ने उन्हें गलत रास्ते पर भेज दिया था। इस घटना में किसी को कोई चोट नहीं आई। वहीं बीघापुर थाने के एसओ राजपाल ने बताया कि इस संबंध में कार सवार लोगों की ओर से पुलिस को कोई सूचना नहीं दी गई है।
