ग्रेटर नोएडा: महाशिवरात्रि पर कुट्टू के आटे से 40 से अधिक लोग बीमार, निजी अस्पतालों में भर्ती
ग्रेटर नोएडा: महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर ग्रेटर नोएडा में कुट्टू के आटे का सेवन करने से 40 से अधिक लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। प्रभावित लोगों को तुरंत पास के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
पीड़ित परिवार के सदस्यों ने बताया कि शाम को व्रत खोलने के लिए कुट्टू के आटे से बने व्यंजन खाने के कुछ ही देर बाद शरीर में बेचैनी, उल्टी और अन्य असुविधाएं शुरू हो गईं। कई लोगों ने बताया कि उन्होंने यह आटा ऑनलाइन या स्थानीय स्रोतों से मंगवाया था। घटना मुख्य रूप से दो सोसाइटियों में हुई, जहां निवासियों ने महाशिवरात्रि का व्रत रखा था और कुट्टू का उपयोग किया।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, प्रभावित लोगों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है, लेकिन जांच जारी है। संभावना जताई जा रही है कि आटे में कोई मिलावट या खराब गुणवत्ता के कारण यह समस्या हुई हो। स्थानीय स्वास्थ्य विभाग और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
