जिस गाने को कभी नहीं मिले खरीदार, वही GTA 6 में मचा रहा धूम; जानिए रूपा बिस्वास की कहानी
GTA 6 के Worldwide FM रेडियो स्टेशन पर बंगाली गायिका रूपा बिस्वास का 1982 में रिलीज हुआ गाना आज शनिवार सुनाई दे रहा है। कभी फ्लॉप रहे उनके एल्बम Disco Jazz को अब अंतरराष्ट्रीय पहचान मिल रही है। जानिए कैसे चार दशक बाद गायिका की संगीत यात्रा ने नया मोड़ लिया।
GTA 6 Indian Song: वीडियो गेम GTA 6 में एक 44 साल पुराने भारतीय गाने की एंट्री ने दुनियाभर के संगीत प्रेमियों का ध्यान खींचा है। बंगाली गायिका रूपा बिस्वास का गाना 'आज शनिवार' गेम के रेडियो स्टेशन Worldwide FM पर सुनाई दे रहा है। खास बात यह है कि 1982 में रिलीज हुआ यह गाना उस समय खास लोकप्रियता हासिल नहीं कर पाया था। एल्बम की असफलता से निराश होकर रूपा ने संगीत से दूरी बना ली थी, लेकिन चार दशक बाद उनका यही गाना अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान हासिल कर रहा है।
GTA 6 के रेडियो स्टेशन Worldwide FM पर सुनाई दे रहा गाना
दुनिया के चर्चित वीडियो गेम Grand Theft Auto 6 में खिलाड़ियों को गाड़ी चलाते समय अलग-अलग रेडियो स्टेशन सुनने का विकल्प मिलता है। इन्हीं में से एक Worldwide FM पर रूपा बिस्वास का 'आज शनिवार' शामिल किया गया है। गेम की काल्पनिक दुनिया लियोनिडा में गाड़ी चलाते समय खिलाड़ी इस गाने को सुन सकते हैं।
1982 में रिलीज हुए इस बंगाली डिस्को गाने को GTA 6 में जगह मिलने से भारतीय संगीत प्रेमियों के बीच भी चर्चा शुरू हो गई है। चार दशक से ज्यादा पुराने इस गाने को अब नई पीढ़ी के श्रोता भी सुन रहे हैं।
1982 में रिलीज हुआ था 'डिस्को जैज' एल्बम
'आज शनिवार' रूपा बिस्वास के डेब्यू एल्बम 'डिस्को जैज' का हिस्सा था। इस एल्बम को सरोद वादक आशीष खान ने कंपोज और अरेंज किया था। इसमें डिस्को, जैज और भारतीय शास्त्रीय संगीत का अनूठा मिश्रण पेश किया गया था। गाने में बंगाली और हिंदी दोनों भाषाओं के बोल हैं।
रूपा बिस्वास का जन्म 1955 में पश्चिम बंगाल के मालदा में हुआ था। उनका असली नाम शुक्ला बिस्वास है। संगीत से उनका जुड़ाव बचपन से था। वह ऑल इंडिया रेडियो के लिए भी गाने गाती थीं।
साल 1981 में परिवार के साथ कनाडा जाने के दौरान उनके बड़े भाई ने कैलगरी में एक कार्यक्रम आयोजित कराया। यहां रूपा ने करीब तीन घंटे तक 28-29 गाने गाए। उनके प्रदर्शन से प्रभावित होकर सरोद वादक आशीष खान और उनके भाई प्रणेश खान ने उनके साथ एल्बम बनाने का प्रस्ताव रखा। इसी सहयोग से 'डिस्को जैज' तैयार हुआ।
एल्बम नहीं चला तो खुद खरीदनी पड़ी अपनी कैसेट
1982 में जब 'डिस्को जैज' रिलीज हुआ, उस समय भारत में डिस्को संगीत का दौर था। नाजिया हसन के 'डिस्को दीवाने' और बप्पी लाहिड़ी के गाने काफी लोकप्रिय हो रहे थे। इसी दौर में रूपा बिस्वास का एल्बम भी आया, लेकिन उसे श्रोताओं का वैसा समर्थन नहीं मिला जिसकी उन्हें उम्मीद थी।
द गार्जियन को दिए एक पुराने इंटरव्यू में रूपा ने बताया था कि उनके एल्बम की कुछ ही कॉपियां बिकी थीं। हालात ऐसे हो गए कि उन्हें अपनी ही कैसेट खरीदने के लिए रिकॉर्ड स्टोर जाना पड़ा।
एल्बम से उन्हें काफी उम्मीदें थीं। इसकी असफलता ने उन्हें इतना निराश किया कि उन्होंने दोबारा गाने और एल्बम बनाने की हिम्मत नहीं जुटाई। बाद में 1984 में उनकी शादी एक टेक्सटाइल इंजीनियर से हुई और वह उनके साथ इंडोनेशिया चली गईं। वहां वह कभी-कभार संगीत कार्यक्रमों में प्रस्तुति देती थीं। 2010 में पति के निधन के बाद उन्होंने गायकी पूरी तरह छोड़ दी।
फिल्म और विदेशी DJs ने दोबारा दिलाई पहचान
रूपा बिस्वास का संगीत भले ही रिलीज के समय लोकप्रिय नहीं हुआ, लेकिन धीरे-धीरे इस एल्बम को अंतरराष्ट्रीय संगीत प्रेमियों ने खोजना शुरू किया।
साल 2012 में अशिम अहलूवालिया की फिल्म 'मिस लवली' में 'डिस्को जैज' के गानों का इस्तेमाल हुआ। इसी दौरान स्वीडिश DJ एल्बियन वेनेबल्स की नजर भी इस रिकॉर्ड पर पड़ी। उन्हें 'आज शनिवार' पसंद आया और उन्होंने इसे अपने DJ सेट में बजाना शुरू किया।
इसके बाद कनाडाई संगीतकार और DJ डैन स्नैथ, जिन्हें कैरिबू और डैफनी के नाम से भी जाना जाता है, ने भी इस गाने को अपने म्यूजिक सेट और रेडियो प्रसारण में शामिल किया। इससे गाने को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नए श्रोता मिले।
2017 में जर्मन म्यूजिक लेबल ओवुलर ने इसका अनौपचारिक रीइश्यू जारी किया। इसके बाद 2019 में शिकागो के रिकॉर्ड लेबल Numero Group ने 'डिस्को जैज' का आधिकारिक रीइश्यू जारी किया।
बेटे ने पुरानी कैसेट खोजी तो फिर शुरू हुई नई कहानी
रूपा बिस्वास को लंबे समय तक इस बात की जानकारी नहीं थी कि उनका पुराना एल्बम विदेशों में संगीत प्रेमियों के बीच लोकप्रिय हो रहा है। उनके बेटे देबायन सेन ने कोलकाता स्थित घर में पुरानी कैसेट खोजी और उन्हें इसके बारे में बताया। शुरुआत में रूपा ने उस कैसेट को फेंक देने तक के लिए कह दिया था। उन्हें अंदाजा नहीं था कि जिस एल्बम को वह असफल मान चुकी थीं, उसकी तलाश दुनिया के कई देशों में हो रही है।
इस पहचान ने उन्हें फिर से मंच तक पहुंचाया। वोग इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, रूपा ने दिसंबर 2023 में कोलकाता जैज फेस्ट में करीब 30 साल बाद लाइव प्रस्तुति दी थी। अब GTA 6 में 'आज शनिवार' को जगह मिलने से उनके संगीत को एक और बड़ा अंतरराष्ट्रीय मंच मिला है। जिस गाने को कभी पर्याप्त श्रोता नहीं मिले, वह चार दशक बाद दुनिया भर के गेमर्स तक पहुंच रहा है।
