GTA-6 ने पहले ही दिन कमाई के तोड़े सारे रिकॉर्ड, पहले दिन 3.79 अरब डॉलर की कमाई, जानें स्टैंडर्ड और अल्टीमेट वर्जन के दाम
वीडियो गेम की दुनिया के सबसे चर्चित गेम्स में शामिल 'ग्रैंड थेफ्ट ऑटो-6' (GTA-6) ने लॉन्च होते ही कमाई का नया रिकॉर्ड बना दिया है। रॉकस्टार गेम्स के मुताबिक, गेम ने पहले ही दिन रिटेल बिक्री से 3.79 अरब अमेरिकी डॉलर यानी करीब 35,126 करोड़ रुपये की कमाई की है। इसके साथ ही GTA-6 ने एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में अब तक की सबसे बड़ी शुरुआत करने का खिताब भी अपने नाम कर लिया है।
टेक-टू इंटरएक्टिव सॉफ्टवेयर की यूनिट रॉकस्टार गेम्स ने इस उपलब्धि की जानकारी साझा की है। कंपनी के मुताबिक, गेम को क्रिटिक्स की ओर से भी शानदार प्रतिक्रिया मिली है। मेटाक्रिटिक पर इसे 100 में से 99 पॉइंट्स दिए गए हैं।
मेटाक्रिटिक पर GTA-6 को मिले 99 पॉइंट्स
GTA-6 को गेमिंग क्रिटिक्स से जबरदस्त प्रशंसा मिली है। मेटाक्रिटिक पर गेम को 100 में से 99 पॉइंट्स मिले हैं। मेटाक्रिटिक एक वेबसाइट है, जहां अलग-अलग प्रोफेशनल क्रिटिक्स के रिव्यू के आधार पर किसी गेम या फिल्म का स्कोर तैयार किया जाता है।
कंपनी के अनुसार, रिलीज से पहले ही GTA-6 की 3.25 करोड़ कॉपी बिक चुकी थीं। यह आंकड़ा भी गेम की लोकप्रियता और इसके लिए फैन्स के उत्साह को दिखाता है।
रॉकस्टार गेम्स के प्रेसिडेंट और फाउंडर सैम हाउसर ने कहा कि दुनियाभर में गेम खेलने वालों से मिली प्रतिक्रिया से कंपनी अभिभूत है। उन्होंने इस उपलब्धि को फैन्स के साथ साझा करने को लेकर उत्साह भी जाहिर किया।
13 साल के इंतजार के बाद बाजार में आया GTA-6
GTA-6 का इंतजार गेमिंग फैन्स लंबे समय से कर रहे थे। रॉकस्टार गेम्स ने गुरुवार को इस बहुप्रतीक्षित गेम को बाजार में लॉन्च किया। इसके साथ ही फैन्स का करीब 13 साल का इंतजार खत्म हो गया।
यह गेम प्लेस्टेशन स्टोर, माइक्रोसॉफ्ट स्टोर, रॉकस्टार गेम्स स्टोर के अलावा दुनियाभर के रिटेलर्स और ऑनलाइन स्टोर पर उपलब्ध है। लॉन्च के साथ ही इसे लेकर गेमिंग कम्युनिटी में खासा उत्साह देखने को मिला।
भारत में GTA-6 की कितनी है कीमत?
भारत में भी GTA-6 को लेकर फैन्स के बीच काफी उत्साह है। गेम खेलने के लिए कई लोग अपने वर्क शेड्यूल में बदलाव कर रहे हैं और मीटिंग्स से भी दूरी बना रहे हैं।
भारत में दोनों कंसोल स्टोर पर GTA-6 के स्टैंडर्ड वर्जन की कीमत 5,999 रुपये रखी गई है। वहीं, इसके अल्टीमेट वर्जन के लिए 7,499 रुपये चुकाने होंगे।
GTA-5 ने भी बनाया था बिक्री का बड़ा रिकॉर्ड
GTA फ्रेंचाइजी का पिछला गेम 'ग्रैंड थेफ्ट ऑटो-5' (GTA-5) साल 2013 में लॉन्च हुआ था। इस गेम ने रिलीज के शुरुआती तीन दिनों में ही 1 अरब अमेरिकी डॉलर की रिटेल बिक्री दर्ज की थी।
टेक-टू इंटरएक्टिव के मुताबिक, GTA-5 अब तक के सबसे ज्यादा बिकने वाले वीडियो गेम्स में शामिल है। कंपनी की जानकारी के अनुसार, GTA फ्रेंचाइजी की दुनियाभर में 47 करोड़ से ज्यादा यूनिट्स बिक चुकी हैं। इनमें से 23 करोड़ से ज्यादा यूनिट्स अकेले GTA-5 की हैं।
