हरियाणवी स्टार सपना चौधरी ने पति वीर साहू के खिलाफ खटखटाया कोर्ट का दरवाजा, जानिए पूरा मामला
नई दिल्ली। हरियाणवी डांसर और गायिका सपना चौधरी की निजी जिंदगी एक बार फिर सुर्खियों में आ गई है। सपना चौधरी ने अपने पति और हरियाणवी गायक वीर साहू के खिलाफ मारपीट और मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाते हुए दिल्ली की द्वारका महिला कोर्ट में याचिका दायर की है। मामले की प्रारंभिक सुनवाई करते हुए अदालत ने सपना चौधरी को अंतरिम राहत प्रदान की है।
कोर्ट ने वीर साहू को अगली सुनवाई तक सपना चौधरी से किसी भी प्रकार का संपर्क करने, उनके घर या कार्यस्थल पर जाने तथा प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से परेशान करने से रोक दिया है। अदालत में सपना चौधरी की ओर से वीडियो, ऑडियो और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य भी पेश किए गए। इन साक्ष्यों को देखते हुए अदालत ने मामले को सुनवाई योग्य माना और अगली सुनवाई की तारीख 25 जुलाई तय की है।
सूत्रों के मुताबिक, वैवाहिक विवाद बढ़ने के बाद सपना चौधरी अपने ससुराल से अलग हो चुकी हैं। फिलहाल वह द्वारका एक्सप्रेस-वे क्षेत्र स्थित अपने मायके में रह रही हैं।
सपना चौधरी और वीर साहू ने वर्ष 2020 में पंजाब में लव मैरिज की थी। दोनों के दो बेटे हैं। सपना चौधरी का पैतृक संबंध हरियाणा के हिसार जिले से है, जबकि वीर साहू भी हरियाणवी संगीत जगत का चर्चित नाम हैं।
फिलहाल अदालत द्वारा अंतरिम संरक्षण आदेश जारी किए जाने के बाद अब सभी की नजरें 25 जुलाई को होने वाली अगली सुनवाई पर टिकी हैं। इस दौरान अदालत दोनों पक्षों की दलीलों और प्रस्तुत साक्ष्यों पर आगे विचार करेगी। मामले में सपना चौधरी से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने इस पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
