पंजाब में हाई अलर्ट! मुख्यमंत्री आवास समेत BJP मुख्यालय को बम से उड़ाने की धमकी
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और बीजेपी नेता सुनील जाखड़ को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है। जालंधर और अमृतसर धमाकों के बाद राज्य में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और संवेदनशील इलाकों की निगरानी बढ़ा दी गई है।
चंडीगढ़: पंजाब में लगातार सामने आ रही विस्फोट और आतंकी गतिविधियों की घटनाओं के बीच अब मुख्यमंत्री भगवंत मान और पंजाब बीजेपी अध्यक्ष सुनील जाखड़ को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। बुधवार को सामने आई इस धमकी के बाद पंजाब पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर आ गई हैं। बताया जा रहा है कि यह धमकी ई-मेल के जरिए भेजी गई, जिसमें मुख्यमंत्री आवास के अलावा पंजाब बीजेपी मुख्यालय और दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय का भी जिक्र किया गया है।
राज्य में हाल ही में हुए धमाकों के बाद यह धमकी सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती बनकर सामने आई है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और साइबर टीम ई-मेल भेजने वाले की पहचान में जुट गई है। संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है, जबकि राजनीतिक नेताओं की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की जा रही है।
जालंधर और अमृतसर धमाकों के बाद बढ़ी चिंता
दरअसल, कुछ दिनों पहले ही पंजाब के जालंधर और अमृतसर में विस्फोट की घटनाएं सामने आई थीं। मंगलवार रात जालंधर जिले में BSF के पंजाब फ्रंटियर मुख्यालय के बाहर धमाका हुआ था। इसके कुछ घंटों बाद अमृतसर के खासा स्थित सेना छावनी क्षेत्र के पास भी विस्फोट हुआ। हालांकि इन घटनाओं में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन राज्य की कानून व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े हो गए थे।
पहला धमाका रात करीब आठ बजे जालंधर में हुआ था, जबकि दूसरा विस्फोट अमृतसर में रात करीब 11 बजे दर्ज किया गया। इन घटनाओं के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे राज्य में निगरानी बढ़ा दी थी।
27 अप्रैल को भी सामने आया था बड़ा मामला
इससे पहले 27 अप्रैल को पटियाला के शंभू इलाके में रेल पटरी पर धमाके की घटना ने भी सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया था। उस मामले में पुलिस ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े एक आतंकी मॉड्यूल के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया था। जांच एजेंसियों के मुताबिक यह मॉड्यूल खालिस्तान समर्थक गतिविधियों से जुड़ा हुआ था। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने पंजाब में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। विपक्षी दल भी राज्य सरकार को निशाने पर ले रहे हैं और कानून व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।
CM भगवंत मान ने पहले बताया था ‘मामूली घटना’
अमृतसर और जालंधर में हुए विस्फोटों के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान का बयान भी चर्चा में रहा था। उन्होंने इन धमाकों को मामूली घटना बताते हुए विपक्ष और बीजेपी पर पंजाब में डर का माहौल बनाने का आरोप लगाया था। हालांकि अब मुख्यमंत्री को ही धमकी मिलने के बाद राजनीतिक माहौल और ज्यादा गर्म हो गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि धमकी को हल्के में नहीं लिया जा रहा है। ई-मेल की तकनीकी जांच की जा रही है और हर पहलू से मामले की पड़ताल की जा रही है। आने वाले दिनों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर और कड़े कदम उठाए जा सकते हैं।
