तिरंगा लहराना अपराध नहीं... अभिजीत दिपके का ऐलान, 16 अक्टूबर को दिल्ली में तिरंगा यात्रा
नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने शुक्रवार, 16 अक्टूबर को दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क से तिरंगा यात्रा निकालने का ऐलान किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो साझा कर उन्होंने लोगों से शाम पांच बजे तिरंगे के साथ पहुंचने की अपील की। साथ ही कहा कि जो लोग दिल्ली नहीं आ सकते, वे अपने शहरों में तिरंगा मार्च निकालें।
दिपके ने यह आह्वान सीजेपी नेता सौरव दास और आशुतोष रांका की गिरफ्तारी के विरोध में किया है। उन्होंने दावा किया कि दोनों नेताओं को केवल तिरंगा लहराने के कारण जेल भेजा गया। हालांकि, उपलब्ध विवरण के मुताबिक, दोनों की गिरफ्तारी बिना अनुमति जंतर-मंतर में प्रवेश करने के मामले में हुई थी।
‘हमारा तिरंगा हमारा गर्व है’
वीडियो संदेश में दिपके ने कहा, “16 अक्टूबर को शाम पांच बजे आप सभी सेंट्रल पार्क, कनॉट प्लेस में तिरंगे के साथ आइए। हम तिरंगा लहराएंगे और यह बताएंगे कि तिरंगा लहराना कोई अपराध नहीं है।”
उन्होंने दिल्ली से बाहर रहने वाले लोगों से भी अपने-अपने शहरों में शाम के समय तिरंगा मार्च निकालने की अपील की। दिपके ने कहा कि तिरंगा देशवासियों का गर्व है और उसे लहराने के अधिकार को लेकर वे अपनी आवाज उठाते रहेंगे।
खुद की गिरफ्तारी की आशंका भी जताई
दिपके ने अपने संदेश में गिरफ्तारी की आशंका जताते हुए कहा, “हो सकता है इसके बाद मुझे भी जेल में डाल दिया जाए, लेकिन मुझे इस बात की परवाह नहीं है, क्योंकि तिरंगा मेरा गर्व है और उसे मैं लहराकर ही रहूंगा।”
सौरव दास और आशुतोष रांका को मंगलवार को बिना अनुमति जंतर-मंतर में प्रवेश करने के मामले में गिरफ्तार किया गया था। उनकी गिरफ्तारी के विरोध में अब सीजेपी संस्थापक ने तिरंगा यात्रा का आह्वान किया है।
