Movie prime

गृह मंत्री अमित शाह करेंगे ‘भारत टैक्सी’ का शुभारंभ, ओला-उबर को मिलेगी स्वदेशी चुनौती
 

 
गृह मंत्री अमित शाह करेंगे ‘भारत टैक्सी’ का शुभारंभ, ओला-उबर को मिलेगी स्वदेशी चुनौती
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

नई दिल्ली। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह गुरुवार को ‘भारत टैक्सी’ का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। यह भारत का पहला सहकारिता आधारित राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म है, जिसे विदेशी निवेश आधारित ऐप्स के स्वदेशी विकल्प के रूप में पेश किया जा रहा है। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, इस सेवा को अगले दो वर्षों में देश के सभी राज्यों और शहरों तक विस्तार देने का लक्ष्य रखा गया है।

‘भारत टैक्सी’ मल्टी-स्टेट कोऑपरेटिव सोसाइटीज एक्ट, 2002 के तहत पंजीकृत है और इसकी स्थापना 6 जून 2025 को की गई थी। यह प्लेटफॉर्म जीरो कमीशन और सर्ज-फ्री प्राइसिंग मॉडल पर काम करता है, जिससे ड्राइवरों को सीधे लाभ वितरण सुनिश्चित होता है।

आठ प्रमुख सहकारी संगठनों के सहयोग से संचालित यह प्लेटफॉर्म 2 दिसंबर से दिल्ली-एनसीआर और गुजरात में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू हुआ था। लॉन्चिंग के बाद से अब तक तीन लाख से अधिक ड्राइवर इससे जुड़ चुके हैं, जबकि एक लाख से ज्यादा उपयोगकर्ताओं ने पंजीकरण कराया है। वर्तमान में दिल्ली-एनसीआर और गुजरात में प्रतिदिन 10 हजार से अधिक राइड पूरी की जा रही हैं और अब तक लगभग 10 करोड़ रुपये सीधे ड्राइवरों में वितरित किए जा चुके हैं।

मंत्रालय का दावा है कि ‘भारत टैक्सी’ दुनिया का पहला और सबसे बड़ा सहकारी-आधारित राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म है, जो पूरी तरह ड्राइवर-स्वामित्व पर आधारित है। यह ओला, उबर और रैपिडो जैसे स्थापित खिलाड़ियों को सीधी चुनौती देगा।

प्लेटफॉर्म से जुड़े ड्राइवरों को ‘सारथी’ कहा जाता है। इनके लिए स्वास्थ्य बीमा, दुर्घटना बीमा, रिटायरमेंट सेविंग्स और समर्पित सहायता प्रणाली जैसी सामाजिक सुरक्षा सुविधाओं को प्राथमिकता दी गई है। दिल्ली में इसके सात सहायता केंद्र भी संचालित किए जा रहे हैं।