मैं PM का करियर बर्बाद नहीं करना चाहता'...ट्रंप के वायरल वीडियो पर आया MEA का रिएक्शन, जानें क्या कहा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजनीतिक करियर को लेकर की गई टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद भारत के विदेश मंत्रालय (MEA) की प्रतिक्रिया सामने आई है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा है कि यदि ऐसा कोई वीडियो मौजूद है, तो उस पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
साप्ताहिक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मीडिया द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में रणधीर जायसवाल ने कहा, “मैंने वीडियो नहीं देखा है। हालांकि, अगर ऐसा कोई वीडियो है, चाहे वह सच हो या झूठ, हम उस पर सही एक्शन लेंगे।” उनकी यह टिप्पणी कूटनीतिक स्तर पर मामले को गंभीरता से लेने के संकेत के रूप में देखी जा रही है।
क्या कहा था ट्रंप ने?
बताया जा रहा है कि यह बयान 15 अक्टूबर 2025 का है, जब ट्रंप ने ट्रेड डील और रूस से तेल खरीद को लेकर भारत-अमेरिका संबंधों के संदर्भ में बातचीत की थी। उस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की जमकर तारीफ की थी।
ट्रंप ने दावा किया था कि भारत ने अमेरिका को भरोसा दिलाया है कि वह रूस से तेल खरीद बंद करेगा। इसी दौरान उन्होंने कहा था, “मोदी एक महान व्यक्ति हैं। वह ट्रंप से प्यार करते हैं… मैं नहीं चाहता कि आप ‘प्यार’ शब्द को अलग तरह से लें। मैं उनका राजनीतिक करियर बर्बाद नहीं करना चाहता।”
यह बयान उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज और हंसी-मजाक में दिया था, लेकिन वीडियो दोबारा वायरल होने के बाद इस पर चर्चा तेज हो गई है।
जन्मदिन की बधाई के बाद आया था बयान
यह वीडियो उस समय सामने आया था जब ट्रंप ने 17 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी को उनके जन्मदिन पर बधाई दी थी और दोनों देशों के रिश्ते धीरे-धीरे बेहतर हो रहे थे। हालिया ट्रेड डील और टैरिफ में कटौती के बाद भारत और अमेरिका के संबंधों में मजबूती आई है।
फिलहाल विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि वीडियो की सत्यता की जांच की जाएगी और आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
