Movie prime

एयरफोर्स कर्मी की पत्नी ने क्लासमेट पर लगाया रेप, ब्लैकमेल और जबरन धर्म परिवर्तन का आरोप, दो गिरफ्तार
 

 
 एयरफोर्स कर्मी की पत्नी ने क्लासमेट पर लगाया रेप, ब्लैकमेल और जबरन धर्म परिवर्तन का आरोप, दो गिरफ्तार
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

नागपुर। महाराष्ट्र के नागपुर से एक बेहद गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एयरफोर्स के एक कर्मचारी की पत्नी ने अपने पुराने क्लासमेट और उसके साथियों पर रेप, ब्लैकमेल, जबरन धर्म परिवर्तन और काला जादू करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि कथित धर्म परिवर्तन कराने वाले एक मौलाना की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अयाज मदारे और उसके साथी अमीन शेख के रूप में हुई है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर नागपुर पुलिस ने विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

नशीला पदार्थ मिलाकर बनाया अश्लील वीडियो

एफआईआर के मुताबिक, 8 फरवरी 2025 को एक होटल में हुई मुलाकात के दौरान आरोपी अयाज मदारे ने कथित तौर पर महिला के ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिला दिया। महिला का आरोप है कि होश आने पर उसे पता चला कि आरोपी ने उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो रिकॉर्ड कर लिए हैं।

इसके बाद आरोपी ने वीडियो वायरल करने और पति को भेजने की धमकी देकर महिला को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। शिकायत के अनुसार आरोपी ने कई बार उसका यौन शोषण किया और करीब चार लाख रुपये भी वसूल लिए।

वायरल वीडियो बना अहम सबूत

मामले में एक वायरल वीडियो भी सामने आया है, जिसे पुलिस महत्वपूर्ण साक्ष्य मान रही है। वीडियो में महिला रोते हुए आरोपी से उसे छोड़ने की गुहार लगाती दिखाई दे रही है। वहीं आरोपी उसके हाथ पकड़कर धार्मिक मंत्र पढ़ते हुए उस पर फूंक मारता नजर आ रहा है।

महिला का आरोप है कि उसे बताया गया कि उसका धर्म परिवर्तन हो चुका है और इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की गई। पीड़िता ने यह भी दावा किया कि आरोपी उसे एक बोतल में रखा कोई तरल पदार्थ जबरन पिलाता था और फिर उसे हिप्नोसिस तथा काला जादू बताकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था।

जबरन धर्म परिवर्तन और निकाह कराने का आरोप

शिकायत के अनुसार, 31 मई को आरोपी अयाज मदारे और उसका साथी महिला को जबरन कलमेश्वर ले गए। वहां एक मौलाना ने कथित तौर पर धार्मिक रस्में कराईं और महिला से उसकी इच्छा के विरुद्ध धर्म परिवर्तन से जुड़े शब्द बुलवाए।

महिला का आरोप है कि मौलाना ने बाद में घोषणा कर दी कि उसने इस्लाम धर्म स्वीकार कर लिया है और उसका अयाज के साथ निकाह हो गया है। पीड़िता का कहना है कि उसे जबरन मांस खिलाया गया और धार्मिक प्रक्रियाओं में शामिल होने के लिए मजबूर किया गया। इसके बाद उसे एक होटल ले जाया गया, जहां आरोपी ने फिर से उसके साथ दुष्कर्म किया।

पुलिस कर रही गहन जांच

नागपुर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रेप, बार-बार यौन शोषण, जबरन वसूली, ब्लैकमेल, जबरन धर्म परिवर्तन तथा अंधविश्वास और काला जादू विरोधी कानून के तहत मामला दर्ज किया है।

डीसीपी सुरेश रेड्डी ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई है। मामले से जुड़े इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को जब्त कर फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि धर्म परिवर्तन कराने वाले कथित मौलाना की तलाश में पुलिस की एक टीम मध्य प्रदेश भेजी गई है और मामले की हर पहलू से जांच जारी है।