अगर खरगे के साथ ऐसा हो सकता है तो सोचिए..., दलित मुद्दे पर राहुल गांधी का BJP-RSS पर हमला
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश में दो विचारधाराओं के बीच लड़ाई चल रही है और कांग्रेस की लड़ाई BJP-RSS की उस विचारधारा के खिलाफ है, जो भेदभाव और असमानता को बढ़ावा देती है।
राहुल गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का जिक्र करते हुए उत्तराखंड के हल्द्वानी में कथित ‘शुद्धिकरण’ की घटना पर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि खरगे के साथ हुई इस घटना को लेकर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है, जबकि यह गंभीर मामला है।
‘शुद्धिकरण करना क्रिमिनल ऑफेंस’
राहुल गांधी ने कहा, “खरगे जी हमारे अध्यक्ष हैं। जब हल्द्वानी में जाते हैं, वहां शुद्धिकरण होता है। ये बीजेपी और आरएसएस के लोग करते हैं।” उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति के ‘शुद्धिकरण’ की रस्म निभाना अपराध है और यह SC/ST एक्ट का उल्लंघन है।
उन्होंने दावा किया कि 10 अगस्त को कथित तौर पर ‘शुद्धिकरण’ किया गया और 13 अगस्त को खरगे ने सदन में अपने अपमान का मुद्दा उठाया। राहुल गांधी ने सवाल किया कि अभी तक इस मामले में कोई कार्रवाई क्यों नहीं हुई।
कांग्रेस नेता ने मांग की कि जिन लोगों ने यह हरकत की है, उनके खिलाफ जल्द से जल्द FIR दर्ज की जाए।
प्रधानमंत्री से FIR का आदेश देने की मांग
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री पर भी निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री खुद को हर जाति का और पूरे भारत का प्रधानमंत्री बताते हैं। ऐसे में उन्हें इस मामले में तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को संबंधित लोगों के खिलाफ SC/ST एक्ट के तहत FIR दर्ज करने का आदेश देना चाहिए। राहुल ने कहा कि उत्तराखंड और केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है कि मल्लिकार्जुन खरगे को न्याय मिले।
‘यह सिर्फ खरगे नहीं, हर दलित का मुद्दा’
राहुल गांधी ने कहा कि यह मामला केवल कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के हर दलित व्यक्ति से जुड़ा हुआ है।
उन्होंने कहा, “अगर हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ खुलेआम, बिना झिझक के ऐसा व्यवहार किया जा सकता है तो सोचिए, स्कूल में बच्चे के साथ क्या हो रहा होगा?”
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि दलितों के साथ भेदभाव आज भी जारी है। उन्होंने कहा कि उनकी लड़ाई BJP और RSS की विचारधारा के खिलाफ है।
‘देश में दो विचारधाराओं के बीच लड़ाई’
राहुल गांधी ने कहा कि देश में दो विचारधाराओं के बीच संघर्ष चल रहा है। एक तरफ डॉ. भीमराव आंबेडकर, महात्मा गांधी और सरदार पटेल की विचारधारा है, जबकि दूसरी तरफ RSS और BJP की विचारधारा है।
उन्होंने कहा कि हजारों वर्षों से दलितों के साथ अन्याय हुआ है और आज भी कई जगह दलित बच्चों से स्कूलों में झाड़ू लगवाने और टॉयलेट साफ कराने जैसी घटनाएं सामने आती हैं।
राहुल गांधी ने यह भी कहा कि दलितों के सामाजिक और आर्थिक रूप से आगे बढ़ने पर उनके खिलाफ हमले बढ़ जाते हैं। उन्होंने दलितों की स्थिति और उनके अधिकारों को लेकर BJP-RSS पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस इस विचारधारा के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेगी।
