नेपाल में खुलेगा IIT का ऑफशोर कैंपस, बिजली और शिक्षा से लेकर स्वास्थ्य तक 8 समझौतों पर लगी मुहर
भारत और नेपाल के बीच शिक्षा, ऊर्जा, स्वास्थ्य और तकनीक के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की दिशा में कई अहम फैसले लिए गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की मुलाकात के दौरान दोनों देशों ने आठ समझौता ज्ञापनों (MoU) का आदान-प्रदान किया। इस दौरान भारत की ओर से नेपाल में IIT का ऑफशोर कैंपस स्थापित करने पर भी सहमति बनी। इसके अलावा बिजली परियोजनाओं, सैटेलाइट संचार और डिजिटल सेवाओं में सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया गया।
नेपाल की जलविद्युत परियोजनाओं को मिलेगी रफ्तार
भारत और नेपाल ने जल संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल और बाढ़ से होने वाले नुकसान को कम करने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम तेज करने का फैसला किया है। दोनों देशों ने पंचेश्वर बहुउद्देशीय परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) को जल्द अंतिम रूप देने का निर्देश दिया है।
इसके साथ ही सप्तकोशी और सुनकोशी बहुउद्देशीय परियोजनाओं की DPR तैयार करने का काम भी तेज किया जाएगा। इन परियोजनाओं से जल संसाधनों का बेहतर उपयोग करने, बिजली उत्पादन बढ़ाने और बाढ़ के प्रभाव को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
वहीं, इनारुवा-न्यू पूर्णिया और दोधोधारा-बरेली के बीच दो बड़ी सीमा पार बिजली ट्रांसमिशन लाइनों के निर्माण के लिए संयुक्त उपक्रम (JV) बनाने की दिशा में हुई प्रगति पर भी दोनों देशों ने संतोष जताया।
नेपाल में IIT का ऑफशोर कैंपस स्थापित करेगा भारत
इस यात्रा का एक बड़ा फैसला नेपाल में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) का ऑफशोर कैंपस स्थापित करने को लेकर हुआ। दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों ने इस प्रस्ताव पर सहमति जताई है। इससे नेपाल के विद्यार्थियों को उच्च तकनीकी शिक्षा के नए अवसर मिलेंगे। साथ ही शिक्षा, शोध और रोजगार के क्षेत्र में भी संभावनाएं बढ़ेंगी।
दोनों देशों ने स्टार्टअप, डिजिटल सेवाओं और वित्तीय कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने पर भी सहमति जताई। इसके तहत भारत और नेपाल में रहने वाले एक-दूसरे देश के नागरिकों के लिए बैंकिंग और टेलीकॉम जैसी सेवाओं तक पहुंच आसान बनाने पर जोर दिया गया।
भारत-नेपाल के बीच 8 समझौतों का आदान-प्रदान
प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की भारत यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच आठ समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान हुआ। इनमें शिक्षा, पुलिस प्रशिक्षण, शोध, स्वास्थ्य, आयुर्वेद और तकनीक जैसे अहम क्षेत्र शामिल हैं।
प्रमुख समझौते इस प्रकार हैं:
1. गांधीनगर स्थित राष्ट्रीय फॉरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय और नेपाल पुलिस के अपराध जांच विभाग के बीच अकादमिक एवं शोध सहयोग।
2. भारत की राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय और नेपाल की राष्ट्रीय पुलिस अकादमी के बीच सहयोग।
3. नेपाल के सरकारी कर्मचारियों के प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण के लिए राष्ट्रीय सुशासन केंद्र और नेपाल प्रशासनिक स्टाफ कॉलेज के बीच समझौता।
4. आयुर्वेद और पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों के क्षेत्र में आपसी सहयोग।
5. इसरो और नेपाल के सूचना एवं संचार मंत्रालय के बीच दक्षिण एशिया सैटेलाइट के इस्तेमाल के लिए सैटेलाइट कम्युनिकेशन नेटवर्क की स्थापना।
6. सतत शहरी विकास के क्षेत्र में तकनीकी सहयोग।
7. स्वास्थ्य और चिकित्सा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाना।
8. पशुधन और मत्स्य विकास के क्षेत्र में आपसी साझेदारी।
पीएम मोदी को नेपाल आने का न्योता
भारत दौरे के दौरान नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आतिथ्य और गर्मजोशी से स्वागत करने के लिए आभार जताया। इसके साथ ही उन्होंने पीएम मोदी को नेपाल आने का औपचारिक निमंत्रण भी दिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस निमंत्रण को स्वीकार कर लिया है। हालांकि, उनकी नेपाल यात्रा की तारीख दोनों देशों के राजनयिक माध्यमों से तय की जाएगी।
भारत और नेपाल के बीच हुए इन समझौतों को दोनों देशों के आपसी रिश्तों को नई मजबूती देने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। शिक्षा से लेकर ऊर्जा और तकनीक तक हुए ये फैसले आने वाले समय में दोनों देशों के सहयोग के नए रास्ते खोल सकते हैं।
