Movie prime

2070 तक भारत में हिंदुओं और मुसलमानों की आबादी कितनी होगी? सामने आया नया अनुमान

प्यू रिसर्च सेंटर के अनुमान के मुताबिक, 2070 तक भारत में हिंदुओं की आबादी की हिस्सेदारी 75.8 प्रतिशत और मुस्लिम हिस्सेदारी 19.6 प्रतिशत हो सकती है। हिंदुओं की कुल संख्या बढ़ने का अनुमान है। वहीं, भारत की 26 प्रतिशत आबादी 10 से 24 वर्ष के आयु वर्ग में है।

 
2070
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

भारत में वर्ष 2070 तक हिंदुओं की आबादी देश की कुल जनसंख्या में 75.8 प्रतिशत रह सकती है, जबकि मुस्लिम आबादी की हिस्सेदारी बढ़कर 19.6 प्रतिशत होने का अनुमान है। प्यू रिसर्च सेंटर के नए अध्ययन के मुताबिक, यह बदलाव धार्मिक समुदायों की वास्तविक आबादी में कमी-बढ़ोतरी के बजाय कुल जनसंख्या में उनकी हिस्सेदारी से जुड़ा है। अनुमान के अनुसार, हिंदुओं की संख्या 2020 के 111 करोड़ से बढ़कर 2070 में करीब 129 करोड़ हो सकती है।

हिंदुओं की हिस्सेदारी 79.4% से घटकर 75.8% होने का अनुमान

प्यू रिसर्च सेंटर के मुताबिक, 2020 में भारत की कुल आबादी में हिंदुओं की हिस्सेदारी 79.4 प्रतिशत थी। वर्ष 2070 तक इसके घटकर 75.8 प्रतिशत होने का अनुमान है। वहीं, मुस्लिम आबादी की हिस्सेदारी 2020 में 15.2 प्रतिशत थी, जो 2070 तक बढ़कर 19.6 प्रतिशत हो सकती है।

अध्ययन के मुताबिक, मौजूदा जनसांख्यिकीय रुझान जारी रहने पर 2020 से 2070 के बीच भारत में हिंदुओं की संख्या करीब 17.6 करोड़ बढ़ सकती है। इस अवधि में हिंदुओं की आबादी 111 करोड़ से बढ़कर लगभग 129 करोड़ होने का अनुमान है। वहीं, मुस्लिम आबादी 21.3 करोड़ से बढ़कर 33.4 करोड़ हो सकती है।

पाकिस्तान के बाद भारत में होगी सबसे बड़ी मुस्लिम आबादी

अनुमानों के मुताबिक, 2070 तक पाकिस्तान के बाद भारत दुनिया में मुस्लिम आबादी के मामले में दूसरे स्थान पर होगा। वर्ष 2020 में इंडोनेशिया करीब 23.9 करोड़ मुस्लिम आबादी के साथ दुनिया में पहले स्थान पर था।

2070 तक पाकिस्तान में मुस्लिम आबादी 46.1 करोड़, भारत में 33.4 करोड़ और नाइजीरिया में 28.2 करोड़ होने का अनुमान है। इसके बाद इंडोनेशिया चौथे स्थान पर रह सकता है।

प्रजनन दर में अंतर आबादी के अनुपात में बदलाव का कारण

प्यू रिसर्च सेंटर के मुताबिक, भारत में पिछले कुछ दशकों में कुल प्रजनन दर में तेजी से गिरावट आई है। हालांकि, मुस्लिम महिलाओं में औसतन बच्चों की संख्या हिंदू महिलाओं की तुलना में अधिक बनी हुई है। दोनों समुदायों की प्रजनन दर में यह अंतर जनसंख्या की हिस्सेदारी में बदलाव के प्रमुख कारणों में से एक है।

दुनिया में भी बदल सकता है धार्मिक आबादी का स्वरूप

अध्ययन के मुताबिक, 2020 में दुनिया में हिंदुओं की आबादी करीब 120 करोड़ थी, जो 2070 तक बढ़कर लगभग 140 करोड़ हो सकती है। इसके बावजूद वैश्विक आबादी में हिंदुओं की हिस्सेदारी घटने का अनुमान है।

वहीं, 2035 तक मुस्लिम आबादी ईसाइयों से आगे निकलकर दुनिया का सबसे बड़ा धार्मिक समुदाय बन सकती है। प्यू के अनुमानों के मुताबिक, 2020 से 2070 के बीच वैश्विक आबादी में 29 प्रतिशत वृद्धि हो सकती है। इस दौरान ईसाइयों की संख्या में करीब 30 प्रतिशत और मुसलमानों की आबादी में लगभग 80 प्रतिशत वृद्धि का अनुमान है।

आबादी के अनुमान पर पॉपुलेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया की प्रतिक्रिया

पॉपुलेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया (PFI) ने भारत के जनसांख्यिकीय भविष्य को धर्म के बजाय शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास के नजरिये से देखने की जरूरत बताई है। संस्था के मुताबिक, प्यू रिसर्च सेंटर के अनुमानों को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है। किसी समुदाय की कुल आबादी में हिस्सेदारी बढ़ने का अर्थ उसकी वास्तविक संख्या में उसी अनुपात में वृद्धि होना नहीं है।

संस्था ने उन आशंकाओं को भी खारिज किया कि भविष्य में भारत में मुस्लिम आबादी हिंदुओं से अधिक हो जाएगी। उसके मुताबिक, 2070 में भी हिंदू देश में स्पष्ट बहुमत में रहेंगे। पीएफआई ने यह भी कहा कि भारत के सभी समुदायों में प्रजनन दर में उल्लेखनीय गिरावट आई है।

भारत की 26% आबादी 10-24 वर्ष के बीच, युवा जनसंख्या बनेगी विकास की ताकत

नई दिल्ली। भारत की युवा आबादी देश के विकास के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। देश की कुल आबादी का 26 प्रतिशत हिस्सा 10 से 24 वर्ष के आयु वर्ग में है। संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोष की 'विश्व जनसंख्या की स्थिति' रिपोर्ट के मुताबिक, भारत की कुल आबादी 147.66 करोड़ है और अगले 81 वर्षों में इसके दोगुना होने का अनुमान है।

भारत दुनिया का सबसे अधिक आबादी वाला देश

भारत 147.66 करोड़ की आबादी के साथ दुनिया का सबसे अधिक आबादी वाला देश है। चीन 141.29 करोड़ की आबादी के साथ दूसरे स्थान पर है। रिपोर्ट के अनुसार, भारत की आबादी में विभिन्न आयु वर्गों की हिस्सेदारी इस प्रकार है।

देश की कुल आबादी में 26 प्रतिशत लोग 10-24 वर्ष के आयु वर्ग में हैं। 17 प्रतिशत आबादी 10-19 वर्ष और 24 प्रतिशत आबादी 0-14 वर्ष के बीच है। वहीं, 69 प्रतिशत लोग 15-64 वर्ष की आयु के हैं। 65 वर्ष या इससे अधिक उम्र के लोगों की हिस्सेदारी आठ प्रतिशत है। भारत में बड़ी युवा आबादी देश के विकास के लिए महत्वपूर्ण अवसर के रूप में देखी जा रही है।