भारत को मिल रहा रूस का चौथा S-400 सिस्टम, हवाई सुरक्षा होगी और मजबूत
New Delhi : भारत और रूस के बीच रणनीतिक रक्षा साझेदारी के तहत एक और बड़ा कदम सामने आया है। जानकारी के अनुसार रूस ने भारत के लिए चौथा S-400 Triumf एयर डिफेंस सिस्टम रवाना कर दिया है, जो मई मध्य तक भारतीय बंदरगाह पर पहुंच सकता है।
सूत्रों के मुताबिक यह वही उन्नत एयर डिफेंस सिस्टम है, जिसने पहले के ऑपरेशनों में अपनी क्षमता साबित की है। इस सिस्टम की मारक क्षमता लगभग 400 किलोमीटर तक बताई जाती है, जिससे यह लंबी दूरी तक हवाई खतरों को रोकने में सक्षम है।
पांचवें सिस्टम की डिलीवरी नवंबर में संभावित
रिपोर्ट के अनुसार पांचवां S-400 सिस्टम इस वर्ष नवंबर तक भारत को मिलने की संभावना है। इसके साथ ही भारत की वायु रक्षा प्रणाली और अधिक मजबूत हो जाएगी।
सरकारी स्तर पर S-400 सिस्टम के लिए लगभग 5 और यूनिट खरीदने की मंजूरी दी गई है। इसके अलावा 280 अतिरिक्त लंबी और छोटी दूरी की मिसाइलें खरीदने की योजना भी बनाई गई है, ताकि भविष्य में किसी भी आपात स्थिति के लिए भंडार मजबूत किया जा सके।
राजस्थान सेक्टर में तैनाती की तैयारी
सूत्रों के अनुसार नए S-400 सिस्टम को राजस्थान सेक्टर में तैनात किए जाने की संभावना है, जिससे पश्चिमी सीमा पर एयर डिफेंस नेटवर्क और मजबूत होगा।
भारत और रूस के बीच रक्षा सहयोग लंबे समय से मजबूत रहा है और दोनों देशों के बीच यह साझेदारी लगातार आगे बढ़ रही है। S-400 की तैनाती को भारत की एयर डिफेंस क्षमता के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
