Movie prime

Indian Oil: भारत-पाक तनाव के बीच इंडियन ऑयल का आश्वासन: पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता, घबराएं नहीं

 
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

नई दिल्ली। Indian Oil: भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच देशभर में पेट्रोल-डीजल और एलपीजी गैस की संभावित कमी को लेकर लोगों में चिंता का माहौल है। लेकिन इन अटकलों को शांत करते हुए भारत की सबसे बड़ी तेल कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC) ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि देश में ईंधन की कोई कमी नहीं है और पेट्रोल, डीजल व कुकिंग गैस एलपीजी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं।

कंपनी ने अपने बयान में कहा, "लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। पेट्रोल पंपों पर अनावश्यक भीड़ से बचें और शांति बनाए रखें, ताकि आपूर्ति सुचारु रूप से चलती रहे और सभी तक ईंधन की निर्बाध पहुंच सुनिश्चित की जा सके।"

सोशल मीडिया पर अफवाहों का दौर

यह बयान ऐसे समय पर आया है जब सोशल मीडिया पर पेट्रोल पंपों के बाहर लंबी कतारों की तस्वीरें और वीडियो वायरल हो रहे हैं। खासकर सीमा से सटे राज्यों जम्मू-कश्मीर, पंजाब और राजस्थान में लोग बड़ी मात्रा में ईंधन खरीदने उमड़ पड़े हैं, जिससे कई जगहों पर अव्यवस्था देखी गई।

युद्ध जैसे हालात: भारत-पाक तनाव चरम पर

8-9 मई की रात पाकिस्तान ने भारत के कई शहरों पर ड्रोन और मिसाइल हमले की नाकाम कोशिश की। भारतीय वायुसेना और थलसेना ने इन हमलों को पूरी तरह विफल कर दिया। जवाबी कार्रवाई में भारत ने पाकिस्तान के लाहौर, सियालकोट, इस्लामाबाद समेत कई शहरों में स्थित रडार सिस्टम को तबाह कर दिया।

आतंकी ठिकानों पर भारत की सटीक कार्रवाई

22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान में नौ आतंकी ठिकानों को निशाना बनाकर बड़ी कार्रवाई की थी। भारत की इस जवाबी कार्रवाई में कई आतंकवादी मारे गए। भारत ने इस ऑपरेशन के दौरान न तो आम नागरिकों को और न ही पाकिस्तानी सेना के ठिकानों को निशाना बनाया। इसके बावजूद पाकिस्तान ने आतंकियों का साथ देते हुए भारत पर हमलों की कोशिश की, लेकिन वह पूरी तरह असफल रहा।

कई क्षेत्रों में ब्लैकआउट

सुरक्षा कारणों से जम्मू-कश्मीर और पंजाब के कई शहरों में ब्लैकआउट लागू कर दिया गया है। स्थिति को देखते हुए भारत-पाक के बीच तनाव और अधिक बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

इंडियन ऑयल ने जनता से संयम बरतने की अपील की है और आश्वस्त किया है कि ईंधन आपूर्ति में कोई रुकावट नहीं आने दी जाएगी।