Movie prime

देश की पहली ग्रीनफील्ड रिफाइनरी का उद्घाटन, पीएम मोदी बोले- ऊर्जा संकट के दौर में भारत ने लिए सही फैसले
 

 
 देश की पहली ग्रीनफील्ड रिफाइनरी का उद्घाटन, पीएम मोदी बोले- ऊर्जा संकट के दौर में भारत ने लिए सही फैसले
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

जोधपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राजस्थान के बालोतरा जिले के पचपदरा में देश के पहले ग्रीनफील्ड इंटीग्रेटेड रिफाइनरी-सह-पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने देश की ऊर्जा सुरक्षा, कूटनीति और वैश्विक हालात पर विस्तार से अपनी बात रखी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के कारण पूरी दुनिया गंभीर ऊर्जा संकट का सामना कर रही है। कई देशों में ईंधन की भारी कमी देखने को मिली, लेकिन भारत ने समय रहते सही फैसले और प्रभावी रणनीति अपनाकर इस चुनौती का सफलतापूर्वक सामना किया।

उन्होंने कहा, "21वीं सदी के इस सबसे बड़े ऊर्जा संकट पर नए भारत की इच्छाशक्ति और प्रयास भारी पड़े हैं। भारत ने समय रहते स्थिति का सटीक आकलन किया, प्रभावी रणनीति बनाई, संसाधनों का संतुलित उपयोग किया और अपनी कूटनीतिक ताकत का सकारात्मक इस्तेमाल किया। इसी वजह से देश इस संकट से उबरने में सफल रहा।"

संकट के समय सही फैसले लिए

पीएम मोदी ने कहा कि सरकार ने हर स्तर पर त्वरित और दूरदर्शी निर्णय लिए। उन्होंने कहा कि संकट की गंभीरता को समझते हुए समय पर रणनीति बनाई गई, जिससे देश में ईंधन आपूर्ति पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा।

अफवाह फैलाने वालों पर भी साधा निशाना

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जब कुछ ताकतें अफवाहें फैलाने और लोगों के मन में आशंकाएं पैदा करने में लगी थीं, तब सरकार दिन-रात हालात को संभालने में जुटी थी। उन्होंने कहा कि नीतिगत और कूटनीतिक स्तर पर उठाए गए संवेदनशील कदमों का इतिहास में उल्लेख होगा।

उन्होंने कहा, "बहुत अफवाहें फैलाई गईं, लोगों को डराया गया, भड़काया गया और राजनीति के खेल खेले गए, लेकिन जिनके इरादे गलत थे, वे सफल नहीं हो पाए। दूर-दराज के इलाकों में भी छोटी-मोटी दिक्कतों को छोड़ दें तो देश में ईंधन की आपूर्ति पर कोई बड़ी चुनौती नहीं आई।"

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत ने वैश्विक संकट के दौर में अपनी ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत बनाए रखते हुए यह साबित किया है कि सही नीति, मजबूत इच्छाशक्ति और प्रभावी कूटनीति से बड़ी से बड़ी चुनौतियों का भी सामना किया जा सकता है।