Movie prime

वाराणसी में 1.30 करोड़ की लागत से बने इंडोर बैडमिंटन कोर्ट का लोकार्पण, कोर्ट पर उतरे विधायक नीलकंठ, लगाए शानदार शॉट

 
...
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर वाराणसी के दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र को खेल जगत की एक बड़ी सौगात मिली। दुर्गाकुंड वार्ड स्थित ब्रह्मानंद नगर कॉलोनी में लगभग 1 करोड़ 30 लाख रुपये की लागत से निर्मित अत्याधुनिक इंडोर बैडमिंटन कोर्ट का रविवार को भव्य लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के पूर्व मंत्री एवं शहर दक्षिणी के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

....

बताया गया कि यह जिले का पहला ऐसा इंडोर बैडमिंटन कोर्ट है, जो किसी विधानसभा क्षेत्र में विकसित किया गया है। इसका उद्देश्य क्षेत्र के खिलाड़ियों और युवाओं को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच देना है।

लोकार्पण समारोह के दौरान विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि यह बैडमिंटन कोर्ट क्षेत्र के युवाओं और बच्चों के लिए मील का पत्थर साबित होगा। यहां खिलाड़ियों को प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा। उन्होंने बताया कि कोर्ट में रात्रिकालीन अभ्यास की भी सुविधा उपलब्ध है, जिससे खिलाड़ियों का प्रशिक्षण किसी भी समय जारी रह सकेगा।

..

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमेशा युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करते रहे हैं, जिसका परिणाम है कि आज भारतीय खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर रहे हैं। यह बैडमिंटन कोर्ट न केवल खिलाड़ियों के लिए उपयोगी होगा, बल्कि क्षेत्र के लोगों को फिट और स्वस्थ रहने के लिए भी प्रेरित करेगा।

कोर्ट पर उतरे विधायक, लगाए शानदार शॉट

कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण तब देखने को मिला जब उद्घाटन के बाद विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी स्वयं बैडमिंटन कोर्ट पर पहुंचे और रैकेट थामकर खेल का आनंद लिया। उन्होंने कोर्ट की फ्लोरिंग और तकनीकी सुविधाओं का भी जायजा लिया। इस दौरान मौजूद लोगों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।

7 करोड़ की विकास परियोजनाओं का भी लोकार्पण

इस अवसर पर विधायक ने क्षेत्र में विभिन्न सड़क, पार्क, गली, विद्यालय और डिजिटल लाइब्रेरी सहित कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी किया। इन परियोजनाओं की कुल लागत लगभग 7 करोड़ रुपये बताई गई है।

कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ समाजसेवी पंडित प्रमोद कुमार मिश्रा ने किया, जबकि स्थानीय पार्षद अक्षयबर सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही।

स्थानीय लोगों का मानना है कि इस अत्याधुनिक इंडोर बैडमिंटन कोर्ट के शुरू होने से वाराणसी के खिलाड़ियों को नई पहचान मिलेगी और खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा।