कनॉट प्लेस में शाम 6:30 बजे तक दुकानें बंद रखने के निर्देश, AAP ने साधा केंद्र पर निशाना
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के कनॉट प्लेस में मौजूदा सुरक्षा स्थिति को देखते हुए नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी) ने एहतियातन सभी दुकानों, कार्यालयों और रेस्तरां को गुरुवार शाम 6:30 बजे तक बंद रखने के निर्देश जारी किए हैं। एनडीएमसी ने सभी प्रतिष्ठान मालिकों और कब्जाधारकों से आदेश का कड़ाई से पालन करने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।
एनडीएमसी के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की ओर से टेलीफोन के माध्यम से यह निर्देश जारी किया गया। प्रशासन का कहना है कि कनॉट प्लेस और आसपास के क्षेत्रों में बनी संवेदनशील स्थिति को देखते हुए यह कदम एहतियात के तौर पर उठाया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना, संपत्ति के नुकसान या लोगों के घायल होने जैसी स्थिति से बचा जा सके।
केजरीवाल ने सरकार पर उठाए सवाल
एनडीएमसी के इस फैसले पर आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "कनॉट प्लेस की सभी दुकानों को आज शाम 6:30 बजे तक बंद करने के आदेश हैं। जबरदस्त सुरक्षा व्यवस्था है। ढेर सारी एंबुलेंस हैं। क्या मोदी सरकार आज फिर जंतर-मंतर पर अपने बच्चों पर बर्बर हमला करेगी?"
दिल्ली पुलिस ने अफवाहों से बचने की अपील की
इस बीच दिल्ली पुलिस ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बयान जारी कर लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। पुलिस ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत अधिकारों के रूटीन तिमाही नवीनीकरण को कुछ लोग गलत तरीके से चल रहे CJP विरोध-प्रदर्शनों से जोड़ रहे हैं, जबकि यह नवीनीकरण विरोध-प्रदर्शनों से पहले ही सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत किया जा चुका था।
