IPL के संस्थापक ललित मोदी को मिली ब्रिटिश नागरिकता, ऑक्सफोर्ड यूनियन में किया ऐलान
लंदन। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के संस्थापक और पूर्व चेयरमैन ललित मोदी ने ब्रिटिश नागरिकता मिलने की घोषणा की है। उन्होंने शनिवार, 14 नवंबर को ऑक्सफोर्ड यूनियन में अपने संबोधन के दौरान यह जानकारी दी। मोदी के मुताबिक, उन्होंने 15 सितंबर 2026 को परिवार और दोस्तों की मौजूदगी में एक समारोह में ब्रिटिश नागरिकता मिलने का जश्न मनाया था।
ललित मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर समारोह की तस्वीरें साझा कीं और इसे अपनी जिंदगी का नया अध्याय बताया। उन्होंने कहा कि यूनाइटेड किंगडम कई सालों से उनका घर रहा है और ब्रिटिश नागरिक बनना उनके लिए गर्व के साथ-साथ जिम्मेदारी की बात भी है।
वानुअतु के प्रधानमंत्री ने दिया था पासपोर्ट रद्द करने का निर्देश
मार्च 2025 में भारतीय विदेश मंत्रालय ने पुष्टि की थी कि ललित मोदी ने लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग में अपना भारतीय पासपोर्ट जमा करने के लिए आवेदन किया था। उसी महीने वानुअतु के प्रधानमंत्री जोथम नापात ने मोदी को जारी पासपोर्ट रद्द करने की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया था।
ललित मोदी 2010 में लंदन चले गए थे। उस समय आईपीएल की दो नई फ्रेंचाइजी की बोली और वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े आरोपों के बाद बीसीसीआई ने उन्हें निलंबित किया था। बोर्ड ने अपनी जांच के बाद 2013 में उन पर आजीवन प्रतिबंध लगाया। मोदी इन आरोपों से इनकार करते रहे हैं।
