जमुई छेड़खानी कांड: 2 आरोपियों से पुलिस की मुठभेड़, नंदन यादव के पैर में लगी गोली; हरेराम का पैर टूटा
जमुई। जिले में हाल में हुई गंभीर आपराधिक वारदात के बाद पुलिस ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए सघन अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में कुंदर बराज के समीप पुलिस और आरोपितों के बीच कथित मुठभेड़ होने की सूचना सामने आई है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपित के पैर में गोली लगने, जबकि दूसरे का पैर टूटने की जानकारी मिली है। हालांकि, घटना की आधिकारिक पुष्टि अभी पुलिस के वरीय अधिकारियों की ओर से नहीं की गई है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम आरोपितों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी। इसी दौरान कुंदर बराज के पास पुलिस और आरोपितों का आमना-सामना हो गया। बताया जा रहा है कि इस दौरान हुई कार्रवाई में नंदन यादव के पैर में गोली लगी, जबकि उसके साथी हरेराम यादव का पैर टूट गया।
घटना के बाद दोनों घायलों को पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए जमुई सदर अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में दोनों का उपचार चल रहा है। सुरक्षा के मद्देनजर अस्पताल परिसर और इमरजेंसी वार्ड के आसपास पुलिस बल की तैनाती की गई है।
चार आरोपित हिरासत में
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान कुल चार आरोपितों को हिरासत में लिया है। इनमें एक आरोपित को मंगलवार को पकड़े जाने की बात कही जा रही है, जबकि तीन अन्य को सोमवार को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस सभी संदिग्धों से पूछताछ कर रही है।
जांच एजेंसियां वारदात की पूरी कड़ी को जोड़ने के साथ घटना में इस्तेमाल हथियारों की बरामदगी और आरोपितों के अन्य संभावित सहयोगियों का पता लगाने में जुटी हैं।
पुलिस की ओर से फिलहाल मुठभेड़ और आरोपितों के घायल होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। अधिकारियों के मुताबिक, मामले की जांच पूरी होने के बाद पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी आधिकारिक रूप से साझा की जा सकती है।
