Movie prime

जनहित के मुद्दों पर होगी चर्चा, 18 फरवरी से शुरू होगा विधानसभा का बजट सत्र

 
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

लखनऊ I उत्तर प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र 18 फरवरी, मंगलवार से प्रारंभ होगा। इसके पूर्व सोमवार को विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक आयोजित हुई, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों से आग्रह किया कि वे जनहित से जुड़े मुद्दों को सदन में उठाएं और स्वस्थ चर्चा के माध्यम से प्रदेश के विकास में सहयोग करें।

बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सदन में चर्चा रचनात्मक और सकारात्मक होनी चाहिए, जिससे प्रदेश का समग्र विकास संभव हो सके और जनता की समस्याओं का समाधान निकाला जा सके। उन्होंने कहा कि सदन के संचालन में किसी भी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए, इसलिए सभी सदस्यों को सहयोग करना आवश्यक है।

विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने भी सदन के सुचारू संचालन के लिए सभी दलों से सहयोग की अपील की। बैठक में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय, कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के विधायक बेदी राम, जनसत्ता दल लोकतांत्रिक पार्टी के विधायक विनोद सरोज सहित अन्य नेता उपस्थित रहे।