Movie prime

Janmashtami Special Train: जन्माष्टमी पर दिल्ली से मथुरा और वाराणसी के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेनें, देखें पूरा शेड्यूल

Janmashtami Special Train: जन्माष्टमी पर यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने दिल्ली से मथुरा और वाराणसी के लिए विशेष ट्रेनें चलाने की घोषणा की है। निजामुद्दीन-मथुरा स्पेशल ट्रेनें 3, 4 और 5 सितंबर को चलेंगी, जबकि पुरानी दिल्ली-वाराणसी स्पेशल 3 और 5 सितंबर को रवाना होगी। जानें पूरा शेड्यूल।

 
Janmashtami Special Train
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

Janmashtami Special Train: जन्माष्टमी के मौके पर मथुरा सहित देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। त्योहार के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए दिल्ली से मथुरा और वाराणसी के लिए विशेष ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। इसके अलावा रींगस के लिए भी जन्माष्टमी स्पेशल ट्रेन की घोषणा की गई है। मथुरा और रींगस जाने वाली जन्माष्टमी विशेष ट्रेनों में केवल अनारक्षित कोच लगाए जाएंगे।

रेलवे की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, इन विशेष ट्रेनों का संचालन निर्धारित तिथियों पर किया जाएगा।

निजामुद्दीन-मथुरा स्पेशल ट्रेन 04410/04409

04410/04409 हजरत निजामुद्दीन-मथुरा विशेष अनारक्षित ट्रेन तीन और पांच सितंबर को चलेगी।

हजरत निजामुद्दीन से यह ट्रेन सुबह 10:30 बजे रवाना होगी और दोपहर 1:05 बजे मथुरा पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन मथुरा से दोपहर 1:35 बजे चलेगी और शाम 4:45 बजे हजरत निजामुद्दीन पहुंचेगी।

निजामुद्दीन-मथुरा स्पेशल ट्रेन 04412/04411

04412/04411 हजरत निजामुद्दीन-मथुरा विशेष ट्रेन तीन, चार और पांच सितंबर को संचालित होगी।

यह ट्रेन हजरत निजामुद्दीन से सुबह 9:45 बजे रवाना होकर दोपहर 12:20 बजे मथुरा पहुंचेगी। वापसी में मथुरा से ट्रेन दोपहर 12:50 बजे चलेगी और शाम 4:30 बजे हजरत निजामुद्दीन पहुंचेगी।

इन स्टेशनों पर होगा ठहराव

निजामुद्दीन-मथुरा विशेष ट्रेन का ठहराव ओखला, तुगलकाबाद, फरीदाबाद, फरीदाबाद न्यू टाउन, बल्लभगढ़, असावती, पलवल, रुंधी, होडल, कोसी कलां, छाता और वृंदावन स्टेशनों पर होगा।

पुरानी दिल्ली-वाराणसी स्पेशल ट्रेन 04446/04445

जन्माष्टमी के दौरान वाराणसी जाने वाले यात्रियों के लिए भी रेलवे ने विशेष ट्रेन की सुविधा दी है। 04446/04445 पुरानी दिल्ली-वाराणसी विशेष ट्रेन तीन और पांच सितंबर को पुरानी दिल्ली से चलेगी।

यह ट्रेन रात 9:10 बजे पुरानी दिल्ली से रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 3 बजे वाराणसी पहुंचेगी।

वापसी में 04445 वाराणसी-पुरानी दिल्ली विशेष ट्रेन चार और छह सितंबर को वाराणसी से रात 8:15 बजे रवाना होगी।

दिल्ली-वाराणसी स्पेशल ट्रेन के ठहराव

इस विशेष ट्रेन का ठहराव नई दिल्ली, गाजियाबाद, हापुड़, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, हरदोई, लखनऊ, अयोध्या कैंट और जौनपुर रेलवे स्टेशनों पर होगा।

रेलवे की इस व्यवस्था से जन्माष्टमी के दौरान मथुरा और वाराणसी जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त ट्रेन की सुविधा मिलेगी। विशेष ट्रेनों के संचालन से नियमित ट्रेनों पर यात्रियों के दबाव को कम करने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।