झारखंड: रजरप्पा मंदिर दर्शन के लिए जा रहे परिवार की वाहन हुई सड़क हादसे का शिकार, 13 लोगों की दर्दनाक मौत
झारखंड के रामगढ़ जिले में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों से भरे परिवार को मातम में बदल दिया। कुजू ओपी क्षेत्र के NH-33 रांची-पटना मुख्य मार्ग पर पैंकी गांव के समीप स्कॉर्पियो और आगे चल रहे एक अज्ञात वाहन की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक ही परिवार के 13 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। दुर्घटना के बाद इलाके में शोक की लहर है।
जानकारी के मुताबिक, बिहार के नालंदा जिले के बेन थाना क्षेत्र स्थित जंघारो गांव का एक परिवार स्कॉर्पियो (BR 21P 6331) से झारखंड के प्रसिद्ध रजरप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना करने जा रहा था। गाड़ी में कुल 14 लोग सवार थे। इसी दौरान पैंकी गांव के पास स्कॉर्पियो आगे चल रहे एक अज्ञात वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
चार महिलाओं, पांच पुरुषों और चार बच्चों की मौत
इस दर्दनाक हादसे में चार महिलाओं, पांच पुरुषों और चार मासूम बच्चों समेत कुल 13 लोगों की जान चली गई। वहीं, एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए रामगढ़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
परिवार में मिली खुशखबरी के बाद मंदिर जा रहे थे सभी
हादसे से जुड़ी एक भावुक कर देने वाली जानकारी भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि परिवार के सदस्य विवेक कुमार की पत्नी को सरकारी शिक्षक की नौकरी मिलने की खुशी में पूरा परिवार रजरप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना करने जा रहा था। विवेक कुमार निजी स्कूल का संचालन करते हैं। परिवार के लिए यह यात्रा खुशी और आस्था का अवसर थी, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने पलभर में सब कुछ उजाड़ दिया।
घटनास्थल पर पहुंचे डीसी और एसपी
दुर्घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ के उपायुक्त ऋतुराज, पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत, एसडीपीओ आलोक रंजन समेत प्रशासन और पुलिस के कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो की आगे चल रहे अज्ञात वाहन से टक्कर होने के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस दुर्घटना की जांच कर रही है और टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
नालंदा से रामगढ़ तक पसरा मातम
इस हादसे ने बिहार के नालंदा जिले के जंघारो गांव से लेकर झारखंड के रामगढ़ तक लोगों को झकझोर कर रख दिया है। जिस परिवार में सरकारी नौकरी मिलने की खुशी मनाई जा रही थी और मंदिर में पूजा की तैयारी थी, वहां अब अपनों को खोने का गम है। एक ही परिवार के 13 लोगों की मौत से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
