छत से छलांग, कटा प्राइवेट पार्ट और खून से सनी सीढ़ियां... प्रेमानंद महाराज के शिष्य की मौत कैसे हुई?
मथुरा/वृंदावन। वृंदावन के वराह घाट मार्ग स्थित गऊ कृपा कुंज आश्रम में शुक्रवार को एक साधक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, साधक आश्रम की चौथी मंजिल से नीचे गिरा था। गंभीर हालत में अन्य साधक उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने आश्रम पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के जबलपुर निवासी 25 वर्षीय दीपक लोधी उर्फ रसिक दुलारीशरण के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह संत प्रेमानंद महाराज को गुरु मानते थे और पिछले कुछ समय से आश्रम में अन्य साधकों के साथ रह रहे थे।
सुबह करीब 10:30 बजे हुई घटना
पुलिस के अनुसार, वराह घाट के पास स्थित गऊ कृपा कुंज आश्रम चार मंजिला है, जहां करीब 40 से 50 साधक रहते हैं। शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे दीपक चौथी मंजिल से नीचे सड़क पर गिर गए।
घटना के बाद आश्रम परिसर में अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद साधक तत्काल उन्हें वाहन से अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
शरीर पर गंभीर चोट, पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। शरीर के निजी अंग पर भी चोट मिलने की बात सामने आई है। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सूचना पर एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह और सीओ वृंदावन संदीप सिंह समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आश्रम के कमरों, सीढ़ियों और छत का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होगी।
2025 में जबलपुर से वृंदावन आए थे दीपक
बताया जा रहा है कि दीपक लोधी वर्ष 2025 में संत प्रेमानंद महाराज को गुरु मानकर वृंदावन आए थे। दीक्षा लेने के बाद वह आश्रम की व्यवस्थाओं में सहयोग करने लगे और अन्य साधकों के साथ वहीं रहने लगे।
पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि दीपक बिजली से जुड़े काम जानते थे और आश्रम में बिजली संबंधी व्यवस्थाओं में सहयोग करते थे।
मोबाइल और CCTV की जांच कर रही पुलिस
दीपक की मौत की वजह पता लगाने के लिए पुलिस उनके मोबाइल फोन की भी जांच कर रही है। कॉल डिटेल और आखिरी बातचीत से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस आश्रम और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। आश्रम में रहने वाले साधकों के बयान भी दर्ज किए जाने की तैयारी है।
कमरे और सीढ़ियों से फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
पुलिस को जांच के दौरान आश्रम की सीढ़ियों पर खून के निशान मिले हैं। फॉरेंसिक टीम ने वहां से नमूने एकत्र किए हैं। मृतक के कमरे से भी कुछ वस्तुएं जांच के लिए कब्जे में ली गई हैं और फिंगरप्रिंट समेत अन्य फॉरेंसिक साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। पुलिस उनके वृंदावन पहुंचने का इंतजार कर रही है ताकि उनसे भी दीपक के संबंध में जानकारी ली जा सके।
पुलिस फिलहाल मामले को प्रथमदृष्टया आत्महत्या से जोड़कर देख रही है, हालांकि अधिकारियों का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच, CCTV फुटेज और मोबाइल डाटा के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
