कलराज मिश्र की पत्नी सत्यवती मिश्रा का निधन, सीएम योगी और ब्रजेश पाठक समेत कई नेताओं ने जताया शोक
लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र की पत्नी सत्यवती मिश्रा का निधन हो गया है। उनके निधन की जानकारी खुद कलराज मिश्र ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए दी। उन्होंने अपनी पत्नी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें ईश्वर के श्रीचरणों में स्थान मिलने की प्रार्थना की।
कलराज मिश्र ने एक्स पर लिखा, "मेरी धर्मपत्नी सत्यवती मिश्रा, आज अपनी जीवन यात्रा पूर्ण कर ईश्वर के श्रीचरणों में विलीन हो गईं हैं, प्रभु उनको अपने श्री चरणों में स्थान दें। ॐ शांति।"
सीएम योगी ने जताया दुख
सत्यवती मिश्रा के निधन की खबर सामने आने के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी शोक व्यक्त किया। उन्होंने कलराज मिश्र और उनके परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी।
सीएम योगी ने एक्स पर लिखा, "भाजपा परिवार के वरिष्ठ सदस्य, पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र की धर्मपत्नी का निधन अत्यंत दुःखद है। विनम्र श्रद्धांजलि। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को सद्गति एवं शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति।"
ब्रजेश पाठक ने भी जताया शोक
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी सत्यवती मिश्रा के निधन पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने कलराज मिश्र की पत्नी के निधन को बेहद दुखद बताते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने की प्रार्थना की।
ब्रजेश पाठक ने एक्स पर लिखा, "भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्रा की धर्मपत्नी सत्यवती मिश्रा के निधन की अत्यंत दुःखद सूचना प्राप्त हुई। ईश्वर से प्रार्थना है कि गोलोकवासी पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।"
