Movie prime

सौरव दास के बयान पर कंगना रनौत का पलटवार, कहा- पूरी तरह बेकार और बेरोजगार हो...

 
 
...
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

स्टूडेंट प्रोटेस्ट को लेकर चल रही बहस के बीच भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत तथा कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रवक्ता सौरव दास के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। सौरव दास की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए कंगना ने सोशल मीडिया पर उन्हें "बेकार" और "बेरोजगार" तक कह दिया।

दरअसल, सौरव दास ने समाचार एजेंसी ANI से बातचीत में कंगना रनौत के हालिया बयानों पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी अपनी पार्टी भी उन्हें गंभीरता से नहीं लेती, इसलिए दूसरे लोगों को भी उनके बयानों को ज्यादा महत्व नहीं देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि युवा पीढ़ी कंगना को गंभीरता से नहीं लेती।

सौरव ने आगे कहा कि सांसद बनने के बाद काम के बोझ को लेकर कंगना का पुराना बयान उनकी गंभीरता को दर्शाता है। उनके मुताबिक, सार्वजनिक पद पर बैठे नेताओं को अपनी भाषा और शब्दों का चयन सोच-समझकर करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि आज की युवा पीढ़ी लोकतंत्र को मजबूत करने में अपनी भूमिका निभा रही है।

सौरव दास की टिप्पणी के बाद कंगना रनौत ने सोशल मीडिया पर लंबी पोस्ट साझा की। उन्होंने लिखा कि उन्होंने गूगल पर सौरव की उम्र देखी, जो 28 वर्ष है, और सवाल किया कि वह खुद को अब भी छात्र कैसे बताते हैं। कंगना ने कहा कि वह पिछले 20 वर्षों से सार्वजनिक जीवन में सक्रिय हैं और सौरव की मौजूदा उम्र तक पहुंचते-पहुंचते दो राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीत चुकी थीं।

कंगना ने अपनी पोस्ट में लिखा कि एक नई सांसद के तौर पर उन्हें काम का दबाव महसूस हुआ था, क्योंकि राजनीति के साथ-साथ वह फिल्म निर्माता, अभिनेत्री, निर्माता, पटकथा लेखिका और उद्यमी भी हैं। उन्होंने आगे लिखा कि "जो व्यक्ति पूरी तरह बेकार और बेरोजगार हो, वह यह नहीं समझ सकता कि लगातार कई जिम्मेदारियां निभाने का क्या मतलब होता है।"
क्या है पूरा विवाद?

पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद से कंगना रनौत लगातार छात्र आंदोलनों और प्रदर्शनकारियों को लेकर सोशल मीडिया पर अपनी राय रख रही हैं। हाल ही में उन्होंने एक पोस्ट में प्रदर्शनकारियों से कहा था कि यदि वे सार्वजनिक रूप से नेताओं और सरकार की आलोचना करते हैं, तो उन्हें जवाब सुनने के लिए भी तैयार रहना चाहिए। इसी पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए सौरव दास ने कंगना की आलोचना की थी, जिसके बाद दोनों के बीच यह जुबानी जंग शुरू हुई।


कौन हैं सौरव दास?

सौरव दास नई दिल्ली के रहने वाले हैं और कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के मुख्य प्रवक्ता हैं। वह इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट, RTI एक्टिविस्ट और पॉलिसी रिसर्चर के तौर पर भी काम करते हैं। पार्टी की ओर से मीडिया में पक्ष रखना, प्रेस ब्रीफिंग करना और शिक्षा, बेरोजगारी तथा परीक्षा प्रणाली जैसे मुद्दों पर आधिकारिक रुख सामने रखना उनकी प्रमुख जिम्मेदारियों में शामिल है। साथ ही, वह छात्र आंदोलनों से जुड़े प्रमुख चेहरों में भी गिने जाते हैं।