केरल में भीषण सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई कार; 8 लोगों की मौत
केरल के त्रिशूर जिले में शुक्रवार रात भीषण सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई। कैपामंगलम के पनंबिक्कुन्नु में हाईवे किनारे खड़ी लॉरी से कार की जोरदार टक्कर हो गई। पुलिस के मुताबिक मृतकों के तमिलनाडु के छात्र होने का संदेह है। सभी शव त्रिशूर मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी भेजे गए।
Kerala News: केरल के त्रिशूर जिले में शुक्रवार रात एक भीषण सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई। हादसा कैपामंगलम के पनंबिक्कुन्नु इलाके में हुआ, जहां हाईवे किनारे खड़ी लॉरी से एक कार टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में सवार सभी आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव अभियान चलाया गया और कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।
रात करीब 11:40 बजे हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक दुर्घटना शुक्रवार रात करीब 11:40 बजे हुई। कार गुरुवायूर की तरफ से कोडुंगलूर की ओर जा रही थी। इसी दौरान पनंबिक्कुन्नु में हाईवे पर खड़ी लॉरी से कार की टक्कर हो गई।
टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। उसमें सवार सभी आठ लोगों की मौत हो गई। पुलिस और बचाव दल ने काफी मशक्कत के बाद शवों को कार से बाहर निकाला।
तमिलनाडु के छात्र होने का संदेह
पुलिस ने बताया कि हादसे में मारे गए सभी लोगों के तमिलनाडु के छात्र होने का संदेह है। दुर्घटनाग्रस्त कार भी तमिलनाडु में रजिस्टर्ड है। फिलहाल मृतकों की पहचान और हादसे से जुड़ी अन्य जानकारी जुटाई जा रही है।
सभी शवों को त्रिशूर मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
भिंड में भी ट्रक की टक्कर से 8 लोगों की हुई थी मौत
कुछ दिन पहले मध्य प्रदेश के भिंड जिले में भी ऐसा ही दर्दनाक सड़क हादसा हुआ था। गोहद चौराहा थाना क्षेत्र के छीमका गांव के पास मजदूरों से भरे वाहन को ट्रक ने टक्कर मार दी थी। हादसे में आठ लोगों की मौत हुई थी, जबकि 22 लोग घायल हुए थे।
जानकारी के मुताबिक मजदूर धान की रोपाई के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान नेशनल हाईवे-719 पर यह हादसा हुआ। दुर्घटना में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया था।
