Movie prime

CWC बैठक में गरजे खरगे, शिक्षा से राम मंदिर चंदे और चीन सीमा तक मोदी सरकार पर बरसे

 
......
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

नई दिल्ली। कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की बैठक में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शिक्षा, रोजगार, राम मंदिर ट्रस्ट में कथित अनियमितताओं और चीन सीमा से जुड़े मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। बैठक के बाद कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि पार्टी इन मुद्दों को अब जमीनी स्तर तक ले जाएगी और देशभर में आंदोलन करेगी।

कांग्रेस ने शिक्षा और रोजगार को बैठक के प्रमुख मुद्दों में शामिल किया। वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी और नियुक्तियों में देरी से देश के युवा परेशान हैं। उन्होंने कहा कि संसद के हालिया सत्र में विपक्ष ने इन मुद्दों को मजबूती से उठाया और CWC की राय में विपक्ष के लिए दोनों सदनों का सत्र पूरी तरह सफल रहा।

800 शहरों में 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम

केसी वेणुगोपाल ने बताया कि कांग्रेस देश के करीब 800 शहरों में 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम आयोजित करेगी। इन कार्यक्रमों के जरिए छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुछ कार्यक्रमों में राहुल गांधी भी शामिल होंगे।

खरगे ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने युवाओं को देश की नीतियों के केंद्र में रखा था। उनके कार्यकाल में मतदान की उम्र 21 से घटाकर 18 वर्ष की गई, नवोदय विद्यालयों का विस्तार हुआ और शिक्षा को रोजगार तथा कौशल विकास से जोड़ने पर जोर दिया गया। खरगे ने कहा कि कांग्रेस को अब युवाओं के लिए शिक्षा से रोजगार तक का स्पष्ट रोडमैप देश के सामने रखना होगा।

राम मंदिर चंदे को लेकर सरकार पर हमला

राम मंदिर निर्माण से जुड़े चंदे और ट्रस्ट की कथित अनियमितताओं का मुद्दा भी CWC की बैठक में प्रमुखता से उठा। खरगे ने कहा कि देश की जनता ने राम मंदिर निर्माण के लिए श्रद्धा और विश्वास के साथ दान दिया था। उन्होंने ट्रस्ट में आए चंदे, सोने-चांदी और अन्य बहुमूल्य सामग्री का पूरा हिसाब सार्वजनिक करने की मांग की।

खरगे ने आरोप लगाया कि केवल कुछ लोगों पर कार्रवाई करके सरकार इस मामले से जिम्मेदारी नहीं झाड़ सकती। वहीं, वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस राम मंदिर चंदे से जुड़े कथित गड़बड़ी के मुद्दे को देशभर में उठाएगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटियों को इस मुद्दे पर प्रदर्शन करने के निर्देश दिए गए हैं।

चीन सीमा को लेकर भी केंद्र पर निशाना

राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर मल्लिकार्जुन खरगे ने चीन के साथ सीमा विवाद को लेकर केंद्र सरकार से जवाबदेही की मांग की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा के मामले में राजनीति नहीं होनी चाहिए, लेकिन सीमा से जुड़े गंभीर सवालों की अनदेखी भी नहीं की जा सकती।

खरगे ने 2020 के गलवान संघर्ष का जिक्र करते हुए कहा कि घटना के बाद सरकार की ओर से दिए गए बयानों के बावजूद सीमा को लेकर सवाल बने हुए हैं। उन्होंने भारतीय सेना के जवानों के शौर्य को नमन करते हुए कहा कि कांग्रेस के सवाल सेना से नहीं, बल्कि सरकार की जवाबदेही से जुड़े हैं।

पांच राज्यों के चुनाव पर कांग्रेस की नजर

CWC बैठक के दौरान आगामी पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों को लेकर भी पार्टी की रणनीति पर चर्चा हुई। खरगे ने कहा कि युवाओं का भविष्य, जनता की आस्था और देश की सीमाएं आज देश के सामने तीन बड़े मुद्दे हैं।

उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से इन मुद्दों को जनता के बीच ले जाने और कांग्रेस को एक मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में पेश करने का आह्वान किया। वहीं, वेणुगोपाल ने संकेत दिया कि आने वाले दिनों में कांग्रेस शिक्षा, रोजगार, राम मंदिर चंदे और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे मुद्दों पर देशव्यापी अभियान तेज करेगी।