कोलकाता: नाजिराबाद के गोदाम में लगी भीषण आग, 7 की मौत, 20 लोगों के लापता होने की आशंका
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के आनंदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नाजिराबाद इलाके में एक ड्राई फूड गोदाम में भीषण आग लगने से कम से कम सात लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद से गोदाम में काम करने वाले करीब 20 लोगों के लापता होने की सूचना है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार तड़के करीब 3 बजे गोदाम में आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद दमकल विभाग की 15 से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग बुझाने के दौरान गोदाम के अंदर से दो शव बरामद किए गए हैं, जबकि अन्य मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
दो गोदामों तक फैली आग
दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आग इतनी भीषण थी कि वह पास के दो अन्य गोदामों तक फैल गई। नाजिराबाद स्थित इस गोदाम में मुख्य रूप से सूखा, पैकेट बंद खाद्य सामग्री और सॉफ्ट ड्रिंक्स की बोतलें रखी हुई थीं। आग की चपेट में आकर गोदाम में रखा लगभग सारा सामान जलकर खाक हो गया।
आग पर आंशिक रूप से काबू पाने के बाद फायर फाइटर्स गैस कटर की मदद से इमारत के भीतर दाखिल हुए, ताकि फंसे लोगों की तलाश की जा सके।
संकरी गलियों में फंसा राहत कार्य
दमकल विभाग को आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। गोदाम संकरी गली में स्थित होने के कारण दमकल वाहनों को अंदर तक पहुंचने में दिक्कत हुई। लंबी पाइप के बिना पानी की सप्लाई नहीं हो पा रही थी, जिससे आग पर काबू पाने में देरी हुई। कुछ हिस्सों में अब भी आग सुलग रही है और उसे पूरी तरह बुझाने का प्रयास जारी है।
मंत्री बोले- यह राजनीति का समय नहीं
घटना की जानकारी मिलते ही राज्य के ऊर्जा मंत्री अरूप बिस्वास मौके पर पहुंचे और मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने बचाव कार्य का जायजा लिया और लापता लोगों के परिवारों से भी बात की।
मंत्री अरूप बिस्वास ने कहा, “पुलिस और फायर सर्विस के अधिकारी मिलकर राहत और बचाव कार्य में जुटे हैं। मुझे बताया गया है कि आग काफी हद तक काबू में है और दमकलकर्मी इमारत के भीतर प्रवेश कर चुके हैं। अंदर कोई फंसा है या नहीं, इसका पता तलाशी पूरी होने के बाद चलेगा। यह राजनीति करने का समय नहीं है, बल्कि अधिकारियों को अपना काम करने देने का समय है।”
आग लगने के कारणों पर सस्पेंस
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। बताया जा रहा है कि रात की ड्यूटी पर मौजूद कई कर्मचारी गोदाम के अंदर ही फंस गए थे। इसके अलावा, वहां सुरक्षा गार्ड के तौर पर तैनात छह लोगों के भी अंदर फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि गोदाम बाहर से बंद था, जिस वजह से अंदर मौजूद लोग समय रहते बाहर नहीं निकल सके। पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है।
