कोलकाता: जवाहरलाल नेहरू विद्यापीठ में धूमधाम राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस, डॉ. बी.सी. राय को किया गया नमन
कोलकाता। खिदिरपुर स्थित जवाहरलाल नेहरू विद्यापीठ (बॉयज़) हाई स्कूल में बुधवार को राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पश्चिम बंगाल के द्वितीय मुख्यमंत्री एवं भारत रत्न डॉ. विधानचंद्र राय को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस का आयोजन डॉ. राय की स्मृति में किया गया। उनका जन्म 1 जुलाई 1882 को हुआ था और 1 जुलाई 1962 को उनका निधन हुआ। भारत सरकार ने वर्ष 1991 में उनके सम्मान में 1 जुलाई को राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस घोषित किया था। इस दिवस का उद्देश्य समाज में डॉक्टरों की महत्वपूर्ण भूमिका को सम्मान देना और मरीजों की सेवा के प्रति उनके समर्पण के लिए आभार व्यक्त करना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाध्यापिका श्रीमती मधुरिमा चंद्रा ने डॉ. विधानचंद्र राय के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया। इसके बाद शिक्षिका शाश्वती मुखर्जी ने विद्यार्थियों को डॉ. राय के जीवन, उनके चिकित्सा क्षेत्र में अतुलनीय योगदान तथा मुख्यमंत्री के रूप में किए गए उल्लेखनीय कार्यों की जानकारी दी।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि चिकित्सक केवल रोगों का उपचार ही नहीं करते, बल्कि मानवता की सेवा का सर्वोच्च उदाहरण भी प्रस्तुत करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से डॉक्टरों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का भाव रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में शिक्षक कौशिक साधुखान, नितेश्वर चौधरी, सुमन कुमार दास, सुनीता राउत, शमीना हसन, मोहम्मद इब्राहिम, गिरिजेश शर्मा तथा विनोद यादव का विशेष योगदान रहा।
विद्यालय परिवार ने इस अवसर पर चिकित्सकों की निःस्वार्थ सेवा को नमन करते हुए उनके समाज के प्रति योगदान की सराहना की।
