कोलकाता: निर्माणाधीन गोदाम का शेड ढहा, 50 से अधिक मजदूर मलबे में दबे; सेना बचाव कार्य में जुटी
कोलकाता। महानगर के तारातल्ला इलाके में बुधवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। यहां एक निर्माणाधीन गोदाम का विशाल शेड अचानक ताश के पत्तों की तरह भरभराकर ढह गया। हादसे के समय मौके पर करीब 50 से 60 मजदूर काम कर रहे थे, जिनमें से कई मलबे के नीचे दब गए।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने चीख-पुकार सुनते ही राहत कार्य शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस, दमकल विभाग, आपदा प्रबंधन की टीमें और सेना के जवान मौके पर पहुंच गए तथा युद्धस्तर पर बचाव अभियान शुरू किया गया।
अब तक मलबे से 6 से 7 मजदूरों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है। इनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। राहत-बचाव दल लोहे के भारी बीम काटने के लिए गैस कटर और मलबा हटाने के लिए क्रेन का इस्तेमाल कर रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, मलबे के नीचे अभी भी कई मजदूरों के फंसे होने की आशंका है और वहां से दबे लोगों की आवाजें भी सुनाई दे रही हैं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार ने नवान्न में कंट्रोल रूम स्थापित किया है। सहायता और जानकारी के लिए 1070, 8697981070 तथा 033-22143526/22535185 नंबर जारी किए गए हैं।
मौके पर पहुंचे राज्य के मंत्री इंद्रनील खान और भाजपा नेता राकेश सिंह ने कहा कि फिलहाल प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि मंगलवार को हुई भारी बारिश के कारण निर्माणाधीन ढांचा कमजोर हो गया था। हालांकि, निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रशासन ने मामले की जांच के संकेत दिए हैं।
