Movie prime

जम्मू कश्मीर के शोपियां में सुरक्षाबलों को मिली बड़ी सफलता, लश्कर का टॉप कमांडर जाकिर गनी ढेर

 
.
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में सुरक्षाबलों ने आतंकवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। चार दिनों तक चले संयुक्त अभियान के बाद सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा के शीर्ष कमांडर जाकिर गनी को मुठभेड़ में मार गिराया। इस कार्रवाई की पुष्टि जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से की है।

अधिकारियों के अनुसार, शोपियां के चनापोरा इलाके में शनिवार को पुलिस, सेना और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने आतंकियों की मौजूदगी की सूचना पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। अभियान के दौरान बुधवार को एक गौशाला से जाकिर गनी का शव बरामद किया गया।

हथियार और गोला-बारूद भी बरामद

सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ स्थल से हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किए हैं। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने इसे सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी कामयाबी बताया है।

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने अपने आधिकारिक एक्स (X) हैंडल पर पोस्ट करते हुए लिखा, "आप भाग सकते हैं, लेकिन छिप नहीं सकते।" पुलिस ने बताया कि स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) शोपियां ने 55 राष्ट्रीय राइफल्स (RR) और सीआरपीएफ के साथ मिलकर संयुक्त अभियान में इस आतंकी को मार गिराया।

एक अन्य आतंकी की तलाश जारी

अधिकारियों के मुताबिक, तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों को गोलीबारी का सामना करना पड़ा, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई की गई। ऑपरेशन के बाद पूरे इलाके में सघन तलाशी और सैनिटाइजेशन अभियान जारी है।

जानकारी के अनुसार, जाकिर गनी के साथ लश्कर-ए-तैयबा का एक अन्य आतंकी लतीफ भी मौजूद था, जो फिलहाल फरार बताया जा रहा है। उसकी तलाश में सुरक्षा बल लगातार अभियान चला रहे हैं।

सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि क्षेत्र में अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक यह सुनिश्चित नहीं हो जाता कि इलाके में कोई अन्य आतंकी छिपा हुआ नहीं है।