Movie prime

पटना में BPSC अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज, भर्ती की मांग को लेकर सड़क पर उतरे छात्र
 

 
 पटना में BPSC अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज, भर्ती की मांग को लेकर सड़क पर उतरे छात्र
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

पटना। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) द्वारा TRE-4 (टीचर रिक्रूटमेंट एग्जाम-4) की अधिसूचना जारी करने की मांग को लेकर शुक्रवार को पटना में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों के साथ पुलिस की हिंसक झड़प हो गई। प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया गया, जिसमें कई छात्र-छात्राएं घायल हो गए।

प्रदर्शनकारी अभ्यर्थी दो वर्ष से TRE-4 की अधिसूचना का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने विलंब की अवधि में उम्र में छूट देकर तुरंत भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग की है। पुलिस के लाठीचार्ज में महिलाएं भी शामिल थीं, जिन्हें चोटें आई हैं।

अभ्यर्थी सुमित कुमार ने बताया, “हम शांतिपूर्वक यहां इकट्ठा हुए थे, लेकिन पुलिस ने हम पर लाठीचार्ज कर दिया। बहुत से छात्रों को चोटें आई हैं, लड़कियों को भी मारा गया। हम बस TRE-4 का नोटिफिकेशन जल्द से जल्द जारी करने की मांग कर रहे हैं। दो साल से सरकार हमें इधर-उधर घुमा रही है।”

एक महिला अभ्यर्थी ने गुस्से के साथ कहा कि दो साल से वेकेंसी लटकाई जा रही है। अब नौकरी देने की बारी आई तो पीटी-मेंस का बहाना बनाया जा रहा है। जब आंदोलन करने आए तो लाठीचार्ज शुरू हो गया।

भावुक हुईं अभ्यर्थी, बोलीं- कर्ज लेकर पढ़ाई की, उम्र निकल रही है

अभ्यर्थी ने भावुक होकर कहा, “दो साल से हमें बरगलाया जा रहा है कि आज भर्ती देंगे, कल देंगे। जिसकी उम्र निकल रही है वह क्या करेगा? B.Ed पढ़ने के लिए लोगों ने कर्ज लिया है, घर-जेवर बेचकर पढ़ाई की है। लाठी तो चला रहे हैं, लेकिन उम्र सीमा में छूट देंगे क्या?”

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि शिक्षक समाज का निर्माता होता है, उन पर लाठी चलाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने मांग की कि दो साल की देरी को देखते हुए जिन अभ्यर्थियों की उम्र पार हो चुकी है, उन्हें भी अवसर दिया जाए।

अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्होंने 6-6 परीक्षाएं दीं, B.Ed प्रवेश परीक्षा पास की, ग्रेजुएशन और मास्टर्स पूरा किया, फिर भी उनकी वैल्यू नहीं हो रही है। वे तुरंत अधिसूचना जारी करने और उम्र संबंधी छूट की मांग पर अड़े हुए हैं।

प्रदर्शन अभी भी जारी है और स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। BPSC TRE-4 की अधिसूचना को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है।